Ghaziabad News:संदिग्ध परिस्थितियों में घर से कुछ दूरी पर मिला युवक का शव – Body Of A Young Man Found A Short Distance From His Home Under Suspicious Circumstances
लोनी। अंकुर विहार थानाक्षेत्र के शरद सिटी मोहल्ले में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक सोमवार रात अपने बहनोई के पास से घर के लिए निकला था। मंगलवार सुबह शव एक मकान के बाहर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि उत्तम विहार निवासी सुल्तान (40) सोमवार रात 10 बजे दिल्ली के चांदबाग निवासी अपने बहनोई दानिश मलिक के घर से उत्तम विहार के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। मंगलवार सुबह शरद सिटी निवासी इरफान ने परिजनों को सूचना दी कि सुल्तान रजिया के घर के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा है। यह घर मृतक के घर से करीब 250 मीटर की दूरी पर ही है, परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसीपी के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था। मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।
