Hamirpur (himachal) News:सरकारी नौकरी के नाम पर 2.37 करोड़ की ठगी का मामला, 29 युवाओं को फंसाने का आरोप – Case Of 2.37 Crore Fraud In The Name Of Government Jobs; 29 Youths Allegedly Targeted
हमीरपुर। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 2.37 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। शिकायतकर्ता पूर्व सैनिक सतीश कुमार का दावा है कि आरोपियों ने उनके बेटे को एम्युनिशन फैक्ट्री खड़की (एएफके), पुणे में नौकरी का कथित ज्वाइनिंग लेटर दिया था।
इसके बाद उसे आयकर विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा भी दिया गया। बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर 18 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया गया है। सतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके संपर्क में आए कुल 29 युवाओं के साथ भी नौकरी के नाम पर ठगी हुई है।
इन युवाओं को अलग-अलग सरकारी विभागों और सैन्य प्रतिष्ठानों में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था। आरोपियों ने कथित नियुक्ति पत्र देकर युवाओं को नौकरी लगने का विश्वास दिलाया।
मामले की जांच में अब बैंक खातों के लेनदेन की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पुलिस सतीश कुमार के खैरी और जालंधर स्थित अलग-अलग बैंकों के खातों का रिकॉर्ड जुटा रही है, ताकि रकम के लेनदेन और ठगी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
पुलिस पहले ही तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर चुकी है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर ठाकुर ने बताया कि बैंक रिकॉर्ड और दिए गए ज्वाइनिंग लेटर की जांच की जा रही है। संबंधित एजेंसी से भी नियुक्ति पत्र की पुष्टि करवाई जाएगी।
