Chamba News:खाई में गिरने से ऊना निवासी शिक्षक की मौत – Una-based Teacher Dies After Falling Into A Gorge
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की रूहणूकोठी पंचायत में खाई में गिरने के कारण एक शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित कुमार (38) पुत्र नानक चंद निवासी गांव हीरानगर जिला ऊना के रूप में हुई है। वह मंगलवार रात को अपने सहकर्मियों के क्वार्टर से अपने क्वार्टर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पांव फिसलने से वह गहरी खाई में जा गिरे। रातभर वह वहीं पड़े रहे और किसी को हादसे का पता नहीं चल पाया।
बुधवार सुबह गांव के लोग वहां से गुजर रहे थे तो उनकी नजर खाई में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना भरमौर को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल से ही मृतक के परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी। साथ ही उनसे पूछा कि क्या वे मौके पर पहुंचकर शव देखना चाहते हैं। पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उनके पहुंचने तक शव को घटनास्थल से नहीं उठाया जाएगा। हालांकि, परिजनों ने किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाने की सहमति दे दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि भरमौर में खाई में गिरने से ऊना निवासी एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक पेशे से शिक्षक था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
