Hapur News:छापे में पांच घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी – Electricity Theft Detected In Five Houses During A Raid
हापुड़। बिजली चोरी रोकने के लिए ऊर्जा निगम की टीमों ने सोमवार सुबह अतराड़ा और अजराड़ा गांव में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पांच घरों में बिजली चोरी के मामले पकड़े गए। कहीं मीटर बाईपास कर तो कहीं कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। विभाग के अनुसार इन मामलों में करीब 15 लाख रुपये की राजस्व हानि का अनुमान है।
अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने विजिलेंस और एंटी पावर थेफ्ट टीम के साथ संयुक्त रूप से छापा मारा। जांच में पांच उपभोक्ताओं के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई।
इनमें अजराड़ा के दो और अतराड़ा के तीन मामले शामिल हैं। पकड़े गए मामलों में चोरी का कुल स्वीकृत भार दो से पांच किलोवाट तक पाया गया। अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि उच्च लाइन लॉस वाले फीडरों को चिह्नित कर अभियान चलाया जा रहा है।
बिजली चोरी के पांच मामले पकड़े गए हैं। करीब 15 लाख रुपये की राजस्व हानि का अनुमान है। सभी मामलों में विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
