सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद भी सपा नेता आजम खां और अब्दुल्ला आजम की चुनावी राह आसान नहीं हुई है। दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में दोषसिद्धि पर रोक लगने के बावजूद दो पैन कार्ड समेत अन्य मामलों में हुई सजाएं उनकी उम्मीदवारी के सामने कानूनी चुनौती बनी हुई हैं।
आजम खां को डूंगरपुर के दो मामलों में सात और दस साल की सजा हो चुकी है। दो पैन कार्ड मामले में भी उनकी सजा बढ़ाकर दस साल कर दी गई है। वहीं, अब्दुल्ला आजम को दो पैन कार्ड मामले में सात साल और छजलैट प्रकरण में दो साल की सजा हुई थी।
दूसरी ओर, डॉ. तजीन फात्मा के लिए दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में दोषसिद्धि पर रोक लगने से चुनावी राजनीति में लौटने की संभावना बनी है। वह रामपुर शहर विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुकी हैं। ऐसे में परिवार की राजनीतिक सक्रियता के लिहाज से उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।