गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
नीतीश सेतु:पूर्व Cm नीतीश कुमार के नाम पर बना सेतु कहां से कहां ले जाएगा? Pm मोदी 21 नवंबर को करेंगे शुभारंभ – How To Reach Nitish Setu Kacchi Dargah Bidupur Pul On The Name Of Nitish Kumar Pm Modi Bihar Visit 21 November
सारण

नीतीश सेतु:पूर्व Cm नीतीश कुमार के नाम पर बना सेतु कहां से कहां ले जाएगा? Pm मोदी 21 नवंबर को करेंगे शुभारंभ – How To Reach Nitish Setu Kacchi Dargah Bidupur Pul On The Name Of Nitish Kumar Pm Modi Bihar Visit 21 November

November 19, 2026


बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने के बाद राजनीतिक बहस चरम पर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण करने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पुल का नाम ‘सामाजिक न्याय सेतु’ रखने की मांग उठाई। उन्होंने विकल्प के तौर पर इसका नाम लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखने का सुझाव भी दिया। पुल के निर्माण की शुरुआत से लेकर इसके नामकरण तक की कहानी को समझते हुए आइए यह भी समझें कि इस सेतु से कहां-कहां जाया जा सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कब करेंगे नीतीश सेतु का उद्घाटन?

कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल बनकर तैयार हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर को इसका नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखने की घोषणा की थी। 

पथ निर्माण विभाग की देखरेख में बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) की ओर से निर्मित यह पुल अपनी आधुनिक तकनीक और शानदार इंजीनियरिंग के लिए जाना जाएगा। यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल ब्रिज है। मुख्य पुल की लंबाई करीब 9.76 किलोमीटर है और यह 67 मजबूत पिलरों पर टिका हुआ है। पहुंच पथों को शामिल करने पर पूरी परियोजना की कुल लंबाई 19.30 किलोमीटर हो जाती है। इस पुल के चालू होने से पटना का समस्तीपुर समेत संपूर्ण उत्तर बिहार से सीधा और सुगम संपर्क स्थापित होगा। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच दूरी और यात्रा के समय में भी काफी कमी आएगी।

कब शुरू हुआ था प्रोजेक्ट, कब पूरा हुआ?

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल परियोजना की तैयारी वर्ष 2012 में शुरू हुई थी। उस समय बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार थी। जुलाई 2012 में बिहार राज्य सड़क विकास निगम की ओर से परियोजना के लिए ट्रांजैक्शन एडवाइजर की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई। सितंबर 2012 में आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार (आईडीए) से परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति मिली।

फरवरी 2013 में ट्रांजैक्शन एडवाइजर की नियुक्ति हुई और कार्यकारी एजेंसी को परियोजना की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। जून 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष पुल के एलाइनमेंट का प्रस्तुतीकरण किया गया। यानी परियोजना की शुरुआती परिकल्पना और योजना तैयार करने का काम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में ही शुरू हो गया था। इसके बाद अगस्त 2014 में केंद्र सरकार ने एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से ऋण सहायता लेने की सिफारिश की। दिसंबर 2014 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी किया।

जुलाई 2015 में बिहार सरकार ने पुल निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दी और अंतरराष्ट्रीय निविदा की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। 29 जुलाई 2015 को राज्य सरकार से निर्माण को मंजूरी मिली। अगस्त 2015 में परियोजना का शिलान्यास हुआ। उस समय बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू, राजद और कांग्रेस की महागठबंधन सरकार थी। जनवरी 2016 में निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई। उस कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव भी मौजूद थे। परियोजना की कुल लंबाई संपर्क मार्गों सहित 19.76 किलोमीटर और मुख्य पुल की लंबाई 9.76 किलोमीटर निर्धारित की गई थी। हालांकि, तैयार परियोजना के पहुंच पथों सहित कुल लंबाई करीब 19.30 किलोमीटर बताई गई है।

पिछले साल 23 जून को क्या हुआ, क्या कहा था नीतीश ने?

नीतीश कुमार जब मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने इस पुल की बुनियाद रखी थी। निर्माण कार्य के दौरान वह कई बार पुल का निरीक्षण करने भी पहुंचे थे। पिछले साल 23 जून को छह लेन के इस पुल का काम पूरा होने के बाद इस पर गाड़ियों का परिचालन शुरू हुआ। इसके साथ ही राघोपुर दियारा इलाके का राजधानी पटना से सीधा सड़क संपर्क स्थापित हो गया। इस मौके पर तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि आजादी के 76 साल बाद राघोपुर दियारा का इलाका राजधानी पटना से सीधे कनेक्ट हो गया है। 

उन्होंने कहा था, “अत्यंत खुशी हो रही है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना के पटना से राघोपुर की सम्पर्कता का लोकार्पण कर दिया गया। इस छह लेन गंगा पुल के निर्माण के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे थे। मैंने निर्माणाधीन कार्य का नियमित निरीक्षण कर पुल का निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया था। संतोष की बात है कि अब यह सपना साकार हो गया।”

कहां से इस पुल पर चढ़ेंगे, कहां-कहां निकलेंगे?

नीतीश सेतु पटना के कच्ची दरगाह से शुरू होकर गंगा नदी पार करते हुए राघोपुर दियारा के रास्ते वैशाली जिले के बिदुपुर तक पहुंचता है। यह पुल दक्षिण और उत्तर बिहार के बीच आवागमन का एक महत्वपूर्ण मार्ग बनेगा।


  • दक्षिण छोर (पटना): पुल पटना में कच्ची दरगाह के पास NH-30 और NH-31 से जुड़ता है। इसके अलावा दीदारगंज के पास जेपी गंगा पथ से भी इसकी कनेक्टिविटी है। इससे पटना शहर और बख्तियारपुर की तरफ से आने वाले वाहन पुल पर चढ़ सकेंगे।
  • मध्य भाग (राघोपुर दियारा): पुल गंगा नदी को पार करते हुए राघोपुर दियारा इलाके को सीधा सड़क संपर्क उपलब्ध कराता है। इससे दियारा क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना आने-जाने में सुविधा होगी।
  • उत्तर छोर (वैशाली): पुल बिदुपुर के पास NH-103 और NH-322 से जुड़ता है। यहां से बिदुपुर-समस्तीपुर मार्ग के जरिए वैशाली, समस्तीपुर और उत्तर बिहार के दूसरे इलाकों की ओर जाना आसान होगा।
  • पटना से पुल पर पहुंचने का रास्ता: पटना शहर से आने वाले वाहन जेपी गंगा पथ या NH-30 के माध्यम से दीदारगंज और कच्ची दरगाह अप्रोच रोड होते हुए पुल पर पहुंच सकते हैं।

नामकरण विवाद में किसने क्या कहा?

पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पुल का नाम ‘सामाजिक न्याय सेतु’ रखने की मांग की है। साथ ही विकल्प के तौर पर इसका नाम लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखने का सुझाव दिया है।

रोहिणी आचार्य का कहना है कि राघोपुर दियारा क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने और उसके समग्र विकास के लिए लालू प्रसाद यादव ने गंभीर प्रयास किए थे। ऐसे में पुल के निर्माण का श्रेय दूसरों को देना उचित नहीं है। उन्होंने नामकरण के फैसले को राजनीतिक फायदे से जोड़ते हुए भी सवाल उठाए। 

राजद समर्थकों का दावा है कि इस पुल की परिकल्पना और निर्माण की दिशा में लालू प्रसाद यादव की भी भूमिका रही है। उनका तर्क है कि जनवरी 2016 में जब पुल निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई थी, तब लालू प्रसाद यादव कार्यक्रम में मौजूद थे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X