गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
CBI इंस्पेक्टर ने छोड़ी नौकरी, जंगल में जाकर बन गए सन्यासी, बोले- ‘नर्मदा किनारे मिला जीवन का असली सच’
वायरल

CBI इंस्पेक्टर ने छोड़ी नौकरी, जंगल में जाकर बन गए सन्यासी, बोले- ‘नर्मदा किनारे मिला जीवन का असली सच’

November 19, 2026


हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा अच्छी पढ़ाई करे, बड़ी नौकरी हासिल करे और जिंदगी में खूब नाम कमाए. इसके लिए लोग सालों तक मेहनत करते हैं. सरकारी नौकरी मिल जाए तो इसे बड़ी उपलब्धि माना जाता है. लेकिन जरा सोचिए, जिस नौकरी को पाने के लिए लाखों युवा तैयारी करते हैं, अगर कोई उसे छोड़कर जंगल की गुफा में रहने चला जाए तो? ऐसा ही कुछ एक पूर्व CBI इंस्पेक्टर ने किया. उनके पास अच्छी डिग्री थी, सरकारी पद था और घर में सुख-सुविधाओं की भी कोई कमी नहीं थी. इसके बावजूद उन्होंने नौकरी और घर-परिवार की जिंदगी छोड़कर संन्यास का रास्ता चुन लिया. आज वह नर्मदा नदी के किनारे जंगल की गुफाओं में रहते हैं और बेहद सादगी से अपना जीवन बिता रहे हैं. उनकी कहानी इसलिए भी दिलचस्प है, क्योंकि जिस जिंदगी को पाने के लिए लोग दिन-रात मेहनत करते हैं, उसे उन्होंने खुद छोड़ दिया. आखिर ऐसा क्या हुआ कि CBI जैसी प्रतिष्ठित एजेंसी में इंस्पेक्टर की नौकरी करने वाले व्यक्ति का मन सरकारी व्यवस्था और सुख-सुविधाओं से हट गया? आइए जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातें.

सरकारी नौकरी में क्यों होने लगी घुटन?
उनके मुताबिक, CBI में काम करते हुए उन्हें व्यवस्था की कई ऐसी बातें देखने को मिलीं, जिनसे वह सहज महसूस नहीं करते थे. कानून लागू करने के नाम पर कई बार लोगों के साथ कठोर व्यवहार करना पड़ता था. यह उनके स्वभाव के अनुकूल नहीं था. उन्हें लगता था कि वह अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेना चाहते थे, लेकिन नौकरी के प्रोटोकॉल ने उनकी आजादी सीमित कर दी थी. उनका कहना था कि सरकारी पद के साथ कई तरह की बंदिशें भी आती हैं. किससे मिलना है, किससे बात करनी है और किसके घर जाना है, इन सभी बातों का ध्यान रखना पड़ता था. यहां तक कि कोई गरीब चरवाहा भी प्यार से पास आकर बैठ जाए, तो पद और प्रोटोकॉल के कारण उसके साथ सहज रिश्ता बनाना मुश्किल हो जाता था. उन्हें अपने विभाग में ऐसे वरिष्ठ अधिकारी भी दिखाई दिए, जिनके लिए अपनी कुर्सी और नौकरी बचाना सबसे अहम था। उनके मन में सवाल उठने लगा कि क्या जिंदगी का मकसद सिर्फ नौकरी करना, पैसा कमाना और समाज में बड़ा पद हासिल करना ही है?

गाड़ी और मकान था, लेकिन मन को नहीं मिल रहा था सुकून
धीरे-धीरे उन्हें महसूस हुआ कि वह भी आम लोगों की तरह कमाने और खर्च करने की दौड़ में शामिल हो गए हैं. अंतर सिर्फ इतना था कि किसी आम व्यक्ति के कपड़े की कीमत 200 रुपये होती थी, जबकि वह 500 रुपये मीटर वाला कपड़ा पहन रहे थे. उनके पास गाड़ी थी, मकान था और अच्छी नौकरी भी थी, लेकिन इसके बावजूद मन में खालीपन महसूस होता था. उन्हें समझ आने लगा कि बाहरी सुख-सुविधाएं होने के बावजूद मन का संतुष्ट रहना जरूरी नहीं है. इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी जिंदगी को नए सिरे से देखने का फैसला किया. आखिरकार उन्होंने CBI की नौकरी और घर-बार छोड़ दिया। इसके बाद वह खुद को तलाशने के लिए कई राज्यों में घूमते रहे.

नर्मदा किनारे पहुंचते ही बदलने लगा नजरिया
कई जगहों पर भटकने के बाद जब वह मां नर्मदा के किनारे पहुंचे, तो उन्हें एक अलग तरह का सुकून महसूस हुआ. इसी दौरान बचपन की यादें भी ताजा होने लगीं. बताया जाता है कि उन्हें पांच साल की उम्र में ही गुरु दीक्षा मिली थी. नर्मदा के तट पर पहुंचने के बाद बचपन में मिले आध्यात्मिक संस्कार फिर से जागने लगे और उन्होंने संन्यास के रास्ते पर आगे बढ़ना शुरू कर दिया. नर्मदा परिक्रमा के दौरान ओंकारेश्वर के पास उनके साथ एक ऐसा अनुभव हुआ, जिसे वह आज भी मां नर्मदा की कृपा मानते हैं. परिक्रमा के दौरान वह नुकीले पत्थरों पर नंगे पैर चल रहे थे। इस वजह से उनके पैर घायल हो गए थे। उनके पास न तो बिछाने के लिए टाट-पट्टी थी, न पहनने के लिए चप्पल और न ही खाने के लिए कुछ मौजूद था. ऐसी स्थिति में उन्होंने मन ही मन मां नर्मदा को याद किया। कुछ कदम आगे बढ़ने पर उन्हें एक चट्टान पर सूखती हुई टाट-पट्टी, एक जोड़ी चप्पल और टिफिन में रखा खाना मिला। उन्होंने इस घटना को मां नर्मदा का आशीर्वाद माना। हालांकि, वहां से उन्होंने सिर्फ चप्पल ली और अपनी यात्रा आगे जारी रखी।

साढ़े तीन साल तक महात्मा के साथ रहे, गांव के बच्चों को भी पढ़ाया
नर्मदा परिक्रमा के दौरान आगे चलकर उन्हें एक पहाड़ी मंदिर में एक महात्मा का सान्निध्य मिला. वह करीब साढ़े तीन साल तक वहां रुके. इस दौरान उन्होंने गांव के बच्चों को पढ़ाना शुरू किया. धीरे-धीरे उनका जुड़ाव प्रकृति और आध्यात्मिक जीवन से गहरा होता चला गया. आज वह घने जंगल की गुफाओं में रहते हैं. उनकी जिंदगी में अब पहले जैसी सुख-सुविधाएं नहीं हैं. खाना बनाने से लेकर रोजमर्रा के काम तक वह खुद करते हैं. उन्हें चूल्हे पर खाना बनाना पसंद है। वह खुद ‘राम रोट’ यानी टिक्कड़ तैयार करते हैं और उसे शुद्ध घी के साथ खाते हैं। उनकी दिनचर्या में सादगी और प्रकृति के बीच रहना ही सबसे खास है.
भ्रष्टाचार पर कही बड़ी बात, बोले- बच्चों को पहले अच्छा इंसान बनाएं
समाज में फैले भ्रष्टाचार को लेकर भी इन संत की अपनी अलग सोच है. उनका मानना है कि भ्रष्टाचार की शुरुआत किसी सरकारी दफ्तर से नहीं, बल्कि कई बार हमारे अपने घरों से होती है. जब माता-पिता अपने बच्चों की तुलना दूसरों की दौलत और संपत्ति से करने लगते हैं, तो उनके मन में भी ज्यादा से ज्यादा पैसा और सुविधाएं पाने की चाह पैदा होती है. उनका कहना है कि जब माता-पिता अपने बच्चे की तुलना पड़ोसी की पांचवीं हवेली से करते हैं, तो अनजाने में उसे गलत रास्ते पर जाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं. ऐसे माहौल में बच्चा बड़ा होकर कलेक्टर, डॉक्टर या इंजीनियर तो बन सकता है, लेकिन जरूरी नहीं कि वह अच्छा इंसान भी बने. वह चाहते हैं कि माता-पिता बच्चों को IAS, IPS या किसी बड़े पद पर पहुंचाने से पहले एक सच्चा और ईमानदार इंसान बनाना सीखें. उनके मुताबिक, संन्यास का मतलब सिर्फ कपड़े बदल लेना या घर छोड़ देना नहीं है. अपने काम को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करना भी साधुता का ही एक रूप है.
शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X