Farrukhabad News:प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन में गूंजी गुरुवाणी – Guruvani Echoed In The Nagar Kirtan On The Occasion Of Prakash Parv
फर्रुखाबाद। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर बृहस्पतिवार को फतेहगढ़ स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। यह शोभायात्रा दोपहर में शुरू होकर पूरे शहर में निकली। पंच प्यारों की अगुवाई, गतका अखाड़े का शौर्य प्रदर्शन और महिलाओं के सबद-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।
लखीमपुर खीरी के अमर शहीद बाबा दीप सिंह गतका अखाड़े ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। उन्होंने तलवार और लाठी से शौर्य प्रदर्शन किया। आंखों पर पट्टी बांधकर केला काटने और सिर पर रखे कच्चे नारियल को हथौड़े से फोड़ने जैसे करतब देखकर लोग दंग रह गए। डीजे पर धार्मिक जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना। श्री गुरु नानक गुरु तेग बहादुर जूनियर हाईस्कूल के बच्चे ड्रम बजाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। वे पंच प्यारों के स्वरूप में आगे चल रहे थे। लोगों ने सड़क पर पानी का छिड़काव और झाड़ू लगाकर सेवा की। एनसीसी कैडेटों ने यातायात व्यवस्था संभालने में सहयोग किया।
नगर कीर्तन फतेहगढ़ चौराहा, गाड़ीखाना, एमआईसी तिराहा, फतेहगढ़ कोतवाली और कानपुर रोड से होते हुए मिलेट्री चौराहे पहुंचा। यहां से श्रद्धालु बसों द्वारा लालगेट स्थित कुदरत धाम गए। इसके बाद पैदल शोभायात्रा फर्रुखाबाद गुरुद्वारा लोहाई रोड पहुंची। रास्ते में भारती विकास परिषद, रामलीला परिषद के पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर जगदीप सिंह छावड़ा, सरदार बलविंदर सिंह, हनी सिंह, हरजिंदर सिंह, सतनाम सिंह, संजय गर्ग, रवीश द्विवेदी, मुन्ना लाल वाष्र्णेय, राजीव बाजपेयी आदि मौजूद रहे। सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व पर निकली शोभायात्रा का सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी, मोहम्मद यूनुस अंसारी ने धर्मगुरुओं को शॉल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया। पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि गुरुनानक देव का प्रेम, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके साथ पुष्पेंद्र यादव, शशांक सक्सेना, विवेक सिंह यादव, आयुष यादव, मुख्तियार आलम, इमरान खान, रिजवान अहमद आदि मौजूद रहे। (संवाद)

फोटो- 27, आंखों पर पट्टी बांध कनपटी पर रखे नारियल को तोड़ते गतका अखाड़ा के बलराज सिंह। संवाद

फोटो- 27, आंखों पर पट्टी बांध कनपटी पर रखे नारियल को तोड़ते गतका अखाड़ा के बलराज सिंह। संवाद

फोटो- 27, आंखों पर पट्टी बांध कनपटी पर रखे नारियल को तोड़ते गतका अखाड़ा के बलराज सिंह। संवाद
