कबड्डी :मुरादाबाद की बेटियों का दबदबा, तीन जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंची – Daughters Of Moradabad Reach The Kabaddi Quarter-finals
अमरोहा। स्पोर्ट्स स्टेडियम मलीखेड़ा में बृहस्पतिवार को प्रदेश स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का शानदार आगाज हुआ। पहले ही दिन मुरादाबाद मंडल की खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से प्रतिद्वंद्वी टीमों को पछाड़ दिया। मुरादाबाद की टीम ने झांसी, अयोध्या और चित्रकूट को करारी शिकस्त देकर लगातार तीन मुकाबले जीते और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों और स्पोर्ट्स हॉस्टल आगरा की टीम समेत कुल 19 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता की शुरुआत माध्यमिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में शामिल 19 टीमों को छह वर्गों में बांटा गया है। पहले दिन मैदान पर कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, लेकिन मुरादाबाद मंडल की टीम का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा।
टीम ने अपने पहले मुकाबले में झांसी मंडल को एकतरफा अंदाज में 25-1 से हराया। इसके बाद अयोध्या मंडल को 26-7 से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में चित्रकूट मंडल की टीम को 32-16 से पराजित कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। लगातार तीन जीत के साथ मुरादाबाद की खिलाड़ियों ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
अन्य मुकाबलों में वाराणसी मंडल ने आजमगढ़ को कड़े संघर्ष में 15-13 से हराया। आगरा स्पोर्ट्स हॉस्टल ने मेरठ को 25-20 से शिकस्त दी। मिर्जापुर ने अलीगढ़ को 30-16 और गोरखपुर को 33-21 से हराया। वाराणसी ने देवीपाटन को 21-8 से पराजित किया। प्रयागराज ने बरेली को 28-19 से हराकर जीत दर्ज की। आजमगढ़ ने देवीपाटन को 16-7 और अलीगढ़ ने गोरखपुर को 29-15 से शिकस्त दी। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम और बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया।
इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी, सीडीओ उमेश चंद्र तिवारी, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु त्यागी, डीआईओएस शतानंद शर्मा और मुरादाबाद के आकांक्षा विद्यापीठ के प्रधानाचार्य हिमांशु यादव मौजूद रहे।
ये रहे निर्णायक मंडल में
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नोएडा के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी अजय शर्मा, मुजफ्फरपुर के रामपाल सिंह, सीतापुर के शराफत अली, अयोध्या की नीतू गुप्ता, शामली के संदीप कुमार, मेरठ के विकास सिंह, बागपत के डाॅ. रकम सिंह और बिजनौर के हेमंत सिंह शामिल रहे। स्थानीय निर्णायकों में डाॅ. संजीव कुमार चौहान, मनीष कुमार त्यागी, पुरजीत सिंह, देवेंद्र सिंह, आंचल और साक्षी तोमर ने जिम्मेदारी संभाली।
