शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kullu News:आईएसबीटी से फिर वाया ढालपुर रवाना होने लगीं बसें – Buses Have Resumed Departing From Isbt Via Dhalpur
कुल्लू

Kullu News:आईएसबीटी से फिर वाया ढालपुर रवाना होने लगीं बसें – Buses Have Resumed Departing From Isbt Via Dhalpur

November 20, 2026


Buses have resumed departing from ISBT via Dhalpur.

कुल्लू में दशहरा उत्सव से बंद पड़े मेन रोड़ से यातायात को खोल दिया है।-संवाद

कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा और दिवाली के दौरान बदली गई यातायात व्यवस्था अब दोबारा पुरानी व्यवस्था के अनुसार बहाल कर दी गई है। करीब 34 दिनों बाद अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) कुल्लू से लंबे और लोकल रूटों की बसें ढालपुर होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होने लगी हैं। इससे यात्रियों को एक बार फिर जिला मुख्यालय के बीच से बस सेवा की सुविधा मिलने लगी है। दशहरा और दिवाली के दौरान भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए बसों के रूट में बदलाव किया गया था।

इस दौरान आईएसबीटी से दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला, हरिद्वार, पठानकोट और धर्मशाला सहित अन्य लंबे रूटों की बसों को वामतट स्थित मनाली-कीरतपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से संचालित किया जा रहा था। बसों को आईएसबीटी से वापस रामशिला की ओर ले जाकर गैमन पुल के रास्ते हाईवे पर भेजा जाता था। इसके चलते बसों को करीब चार किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा था। अब यातायात व्यवस्था बहाल होने से बसें फिर ढालपुर होकर पुराने रूट से चलने लगी हैं। आईएसबीटी अड्डा प्रभारी खूबराम ने बताया कि बसों का संचालन अब पुरानी व्यवस्था के अनुसार किया जा रहा है।

…..

ढालपुर से हटाया अस्थायी बस अड्डा

दशहरा और दिवाली के दौरान लोकल रूटों की बसों के संचालन के लिए ढालपुर में अस्थायी बस अड्डा बनाया गया था। यहां से भुंतर, बजौरा, बंजार, औट और पाहनाला सहित अन्य रूटों पर बसें चलाई जा रही थीं। अब इन बसों का संचालन भी दोबारा आईएसबीटी कुल्लू से शुरू कर दिया गया है। यातायात व्यवस्था सामान्य होने के बाद बसों के पुराने रूट बहाल होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X