Rajouri News:जीएमसी राजोरी में दोहरी हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, मरीज परेशान – Healthcare Services Affected By Dual Strike At Gmc Rajouri; Patients Face Hardship
राजोरी। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) राजोरी में स्वास्थ्य सेवाओं पर दोहरी हड़ताल का असर पड़ रहा है। कॉलेज के गैर राजपत्रित कर्मचारियों की हड़ताल पहले से ही जारी है। अब वीरवार से रेजिडेंट डॉक्टरों और पोस्ट ग्रेजुएट सीनियर डॉक्टरों ने भी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
इस दोहरी हड़ताल से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ा है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैर राजपत्रित कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कई दिनों से हड़ताल पर हैं। उनकी हड़ताल के कारण ओपीडी सहित अस्पताल की विभिन्न सेवाएं पहले से ही प्रभावित थीं। रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल का मुख्य कारण स्टाइपेंड में बढ़ोतरी है। वे छह माह के सवैतनिक मातृत्व अवकाश की भी मांग कर रहे हैं।
डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर हाईकोर्ट से केस जीत चुके हैं। इसके बावजूद सरकार ने मांगों को पूरा करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
