शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रायबरेली

Raebareli News:डंपर की टक्कर से किसान की मौत, बेटा घायल – Farmer Killed, Son Injured After Being Hit By A Dumper Truck

November 20, 2026


रायबरेली। जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर बिन्नवां गांव के पास बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पीछे बैठे किसान की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जगतपुर के बसवई मजरे चूली गांव निवासी राम बहादुर (60) खेती करते थे। बृहस्पतिवार सुबह वह बेटे मनोज (27) के साथ बाइक से जगतपुर जा रहे थे। बिन्नवां गांव के पास पीछे से आए बेकाबू डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े। राम बहादुर के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोज घायल हो गया।

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से घायल मनोज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक मनोज चला रहा था और उसने हेलमेट पहन रखा था। इससे उसे कम चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे राम बहादुर के सिर में गंभीर चोट लगने से जान चली गई। किसान की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

मौत की खबर से परिवार में छाया मातम

पिता रामबहादुर की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी पत्नी विजय कुमारी दहाड़े मारकर रो पड़ीं। गमगीन विजय कुमारी यही कहती कि यह सब कैसे हो गया। अभी घर से ठीकठाक गए थे। उनके पति उन्हें छोड़कर नहीं जाते। नाते रिश्तेदार विजय कुमारी को ढांढस बंधाकर चुप कराते। बेटे विपिन कुमार, हरकेश और सर्वेश कुमार भी गहरे सदमे में हैं। पूरा परिवार इस दुखद घटना से टूट गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X