बलिया। जिले में बुधवार देर रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सहतवार क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराने पर दो दोस्तों नीरज राजभर (25) और बादल राजभर (24) की जान चली गई, वहीं उभांव थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में हेमंत उर्फ टिल्लू (19) की मौत हो गई।
सिकंदरपुर क्षेत्र में भी बाइक फिसलने से एक युवक घायल हुआ है। उभांव के हादसे ने एक मां से एक साल के भीतर दोनों बेटों को छीन लिया, जबकि सहतवार के हादसे में दो मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई , सहतवार : थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने बताया कि सहतवार-हल्दी मार्ग पर परसा गांव के सामने हनुमान मंदिर के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में हरपुर निवासी नीरज राजभर (25) और बादल राजभर (24) की मौत हो गई। दोनों मित्र सहतवार से अपने गांव लौट रहे थे। ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बादल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हरपुर निवासी नीरज राजभर खेती करते थे, जबकि बादल गुजरात में निजी नौकरी करते थे और छठ पूजा के लिए गांव आए थे। दोनों विवाहित थे और बादल की दो बेटियां हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।