शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रेवाड़ी

Rewari News:प्रत्येक ब्लॉक में लगेंगी 200 सोलर स्ट्रीट लाइटें – 200 Solar Street Lights Will Be Installed In Each Block

November 20, 2026


रेवाड़ी। ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 के लिए एसपीवी स्ट्रीट लाइटिंग फॉर रूरल एरिया योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत जिला के प्रत्येक ब्लॉक में 200 सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य परियोजना अधिकारी, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, रेवाड़ी राहुल मोदी द्वारा सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइटों की मांग प्राप्त करना सुनिश्चित करें।

इस योजना का लाभ केवल ग्राम पंचायतों तक सीमित नहीं है, बल्कि जिला परिषद, ब्लॉक समितियां तथा अन्य पात्र गैर-व्यावसायिक संस्थाएं एवं संगठन भी इस योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए अपनी मांग प्रस्तुत कर सकते हैं। इच्छुक पात्र संस्थाएं अपने संबंधित क्षेत्र के बीडीपीओ के माध्यम से मांग प्रस्तुत कर सकती हैं।

योजना के तहत प्रत्येक सोलर स्ट्रीट लाइट की दर 17 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें हरियाणा सरकार द्वारा 4 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाएगी, जबकि शेष 13 हजार रुपये प्रति लाइट का अंशदान संबंधित लाभार्थी संस्था को जमा करवाना होगा। यह राशि हरेडा द्वारा निर्धारित बैंक खाते में जमा करवानी होगी। यह योजना मांग आधारित है तथा सोलर स्ट्रीट लाइटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इसलिए इच्छुक ग्राम पंचायतों एवं पात्र संस्थाओं से अपील की जाती है कि वे जल्द से जल्द अपनी मांग संबंधित बीडीपीओ कार्यालय में प्रस्तुत करें।

एडीसी राहुल मोदी ने सभी बीडीपीओ को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित सात दिनों के भीतर अपने-अपने ब्लॉक का 200 सोलर स्ट्रीट लाइटों का लक्ष्य पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें तथा ग्राम पंचायतवार एवं संस्थावार मांग, स्थापना स्थल, लाइटों की संख्या और जमा करवाए गए अंशदान का विवरण बैंक रसीद सहित कार्यालय में प्रस्तुत करें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X