बरेली में चौबारी मेले को लेकर यातायात पुलिस ने चार दिनों तक भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 22 नवंबर की सुबह आठ से 25 नवंबर की रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
एसपी यातायात अकमल खान ने बताया कि मेले के दौरान बदायूं से आने वाले भारी वाहन भमोरा, देवचरा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर और बड़ा बाइपास होते हुए बरेली आएंगे। बदायूं से लखनऊ, शाहजहांपुर और पीलीभीत की ओर जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
लखनऊ, शाहजहांपुर, पीलीभीत और नैनीताल की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन भी इसी मार्ग से गुजारे जाएंगे। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से बदायूं जाने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहा से बड़ा बाइपास, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा और भमोरा होकर गुजारा जाएगा। लखनऊ और शाहजहांपुर से दिल्ली, रामपुर व मुरादाबाद जाने वाले वाहन फतेहगंज पूर्वी, बड़ा बाइपास, विलयधाम, बिल्वा और झुमका तिराहा होकर जाएंगे।