शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए भारत का पहला स्वदेशी टीका तैयार, शिवराज आज भोपाल में करेंगे लॉन्च – Mp Develops First Indigenous Bird Flu Vaccine For Chickens; Shivraj To Launch It In Bhopal Today
भोपाल

एमपी:मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए भारत का पहला स्वदेशी टीका तैयार, शिवराज आज भोपाल में करेंगे लॉन्च – Mp Develops First Indigenous Bird Flu Vaccine For Chickens; Shivraj To Launch It In Bhopal Today

November 20, 2026


MP Develops First Indigenous Bird Flu Vaccine for Chickens; Shivraj to Launch It in Bhopal Today

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान

विस्तार

मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए देश में विकसित पहला स्वदेशी टीका शुक्रवार को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में इस टीके की लॉन्चिंग करेंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान के वैज्ञानिकों ने इसे तैयार किया है। एच5एन1 वायरस के खिलाफ विकसित यह टीका पोल्ट्री क्षेत्र को बर्ड फ्लू के प्रकोप से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह निष्क्रिय टीका पूरी तरह देश में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य मुर्गियों को अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लूएंजा (एचपीएआई) से सुरक्षा देना है। यह बीमारी आमतौर पर बर्ड फ्लू के नाम से जानी जाती है। टीका वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए प्रकार के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। देश में अब तक क्लेड 2.3.2.1ए एच5एन1 वायरस के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक टीका उपलब्ध नहीं था। इस वायरस के कारण मुर्गियों में संक्रमण और बर्ड फ्लू के प्रकोप के कई मामले सामने आए हैं। ऐसे में स्वदेशी टीके का विकास बीमारी की रोकथाम के लिए अहम माना जा रहा है। इससे देश को इस वायरस के अलग-अलग रूपों से मुर्गियों को सुरक्षा देने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें- त्विषा शर्मा  मौत मामला: CBI ने जांच के लिए मांगे 60 दिन, कोर्ट ने 90 दिन की जांच का ब्योरा मांगा

संक्रमित मुर्गियों में मृत्यु दर 100 फीसदी तक

बर्ड फ्लू पोल्ट्री क्षेत्र की गंभीर बीमारियों में शामिल है। अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लूएंजा से संक्रमित पक्षियों में मृत्यु दर करीब 100 फीसदी तक पहुंच सकती है। बीमारी फैलने पर बड़ी संख्या में पक्षियों को मारना पड़ता है। साथ ही उनके व्यापार पर भी प्रतिबंध लगाए जाते हैं। इसका सीधा असर मुर्गी पालने वाले किसानों की आमदनी और पोल्ट्री कारोबार पर पड़ता है। 

ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: एमपी के नए डीजीपी के चयन के लिए आज दिल्ली में बैठक, तीन अधिकारियों के नामों का पैनल बनेगा

बीमारी का असर व्यापार और किसानों पर भी

बर्ड फ्लू का नुकसान केवल पोल्ट्री फार्म तक सीमित नहीं रहता। इसके कारण कुक्कुट उत्पादों के व्यापार पर असर पड़ता है और उनकी कीमतें भी प्रभावित होती हैं। बीमारी के प्रकोप के बाद पक्षियों और उनसे जुड़े उत्पादों के व्यापार पर प्रतिबंध लगने से किसानों की आजीविका पर संकट खड़ा हो जाता है। भारत में बर्ड फ्लू का पहला मामला वर्ष 2006 में सामने आया था। इसके बाद देश में एच5एन1 और एच5एन8 उप-प्रकारों के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। हाल के वर्षों में एच5एन1 का संक्रमण पक्षियों के अलावा स्तनधारियों और अन्य जानवरों में भी देखा गया है। इसलिए संक्रमण को फैलने से रोकना जरूरी है।

ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: भोपाल में महिला हॉकी का महाकुंभ शुरू, छह देशों की टीमें भिड़ेंगी; 28 नवंबर तक चलेगा रोमांच

कितना कारगर होगा टीका?

इस टीके से पोल्ट्री क्षेत्र को बीमारी से बचाने और बड़े पैमाने पर होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, टीका कितने प्रतिशत सुरक्षा देगा और इसका इस्तेमाल किस स्तर पर किया जाएगा, इसकी विस्तृत जानकारी लॉन्चिंग के बाद सामने आएगी। टीकाकरण के साथ निगरानी और जैव सुरक्षा के उपाय भी जरूरी होंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X