Ayushman Card Benefits: आज के समय में अस्पताल में इलाज कराना काफी महंगा हो गया है। कई बार सामान्य बीमारी के इलाज में भी हजारों रुपये खर्च हो जाते हैं। वहीं, गंभीर बीमारी या ऑपरेशन की स्थिति में परिवार की जमा पूंजी तक खर्च हो सकती है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना काफी मददगार साबित हो रही है।
इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक के अस्पताल में भर्ती होकर इलाज का कवर दिया जाता है। इसका लाभ लेने के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाया जाता है। तो चलिए जानते हैं कौन लोग आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं जैसी जरूरी बातें। आप अगली स्लाइड्स में इस बारे में जान सकते हैं…
हर साल कितने रुपये का कवर मिलता है?
- आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलती है
- यह सुविधा परिवार के सभी पात्र सदस्यों के लिए साझा होती है
- इसका मतलब है कि परिवार का कोई एक सदस्य पूरी राशि इस्तेमाल कर सकता है या जरूरत के अनुसार परिवार के अलग-अलग सदस्य इसका लाभ उठा सकते हैं
किन लोगों का बन सकता है आयुष्मान कार्ड?
- आयुष्मान कार्ड की सामान्य पात्रता सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (SECC) 2011 और सरकार की निर्धारित लाभार्थी श्रेणियों पर आधारित है
- इसलिए देश के हर नागरिक का कार्ड अपने आप नहीं बन जाता बल्कि, लाभार्थी सूची में नाम होना जरूरी है
- इसके अलावा केंद्र सरकार ने 70 साल या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य कवर देने का विस्तार किया है
आयुष्मान कार्ड कैसे बनवाएं?
- अगर आप आयुष्मान कार्ड बनवाना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपनी पात्रता की जांच करें
- इसके लिए सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट beneficiary.nha.gov.in पर जाएं
- फिर मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन करें और अपना राज्य और योजना चुनें
- इसके बाद मांगी गई जानकारी के जरिए अपना नाम खोजे
- पात्रता मिलने पर आधार आधारित ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करें और सत्यापन के बाद आयुष्मान कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है
- इसके अलावा आयुष्मान एप, नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर यानी सीएससी सेंटर से आप आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं