मेटा के Ai एजेंट म्यूज पर उठे प्राइवेसी के सवाल: बिना पूछे बता दिया बैंक बैलेंस, निजी मैसेज तक पहुंचने का आरोप – Meta Ai Agent Muse Faces Privacy Concerns Over Access Personal Data
सार
- मेटा के एआई एजेंट पर गंभीर आरोप।
- बिना पूछे बताया बैंक बैलेंस।
- कर्मचारियों के निजी मैसेज भी पढ़े।
- सिग्नल एप से जुड़ा मामला भी सामने आया।

विस्तार
एआई एजेंट को यूजर्स के काम आसान करने के लिए बनाया जाता है, लेकिन अगर वही बिना पूछे आपकी निजी बातचीत और बैंक खाते में हस्तक्षेप करें, तो चिंता लाजिमी है। मेटा का एआई एजेंट ‘म्यूज’ इन दिनों ऐसे ही आरोपों को लेकर चर्चा में है। कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने शिकायत की है कि म्यूज ने उन्हें ऐसी निजी जानकारियां बताईं हैं, जिन्हें उन्होंने एजेंट के साथ साझा ही नहीं किया था। कुछ मामलों में तो इसने बैंक खातों का बैलेंस तक बता दिया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों ने इसे निजता से जुड़ा गंभीर मामला बताया गया है।
क्या है म्यूज पर लगे आरोपों का पूरा मामला?
मेटा का एआई एजेंट ‘म्यूज’ एक बार फिर यूजर्स की निजी बातचीत और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी तक पहुंचने के आरोपों में घिर गया है। कंपनी के कर्मचारियों ने आंतरिक मंच पर शिकायत की है कि म्यूज ने उन्हें ऐसे निजी मैसेज के बारे में बताया, जिन्हें उन्होंने उससे साझा तक नहीं किया था। एजेंट ने बैंक खातों का कुछ मामलों में बैलेंस तक बता दिया। जिसके बाद म्यूज पर प्राइवेसी से संबंधित सवाल उठने लगे।
बिना पूछे बैंक बैलेंस बताने का मामला
- रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक कर्मचारी ने बताया कि म्यूज ने अचानक उसे संदेश भेजा कि उसके कैपिटल वन खाते में 2,722.58 डॉलर और चार्ल्स श्वाब खाते में 5,899.57 डॉलर हैं। कर्मचारी ने न तो खाते की जानकारी मांगी थी और न ही इस बारे में कोई बातचीत की थी।
- वहीं, एक महिला कर्मचारी ने चिंता जताते हुए शिकायत की कि म्यूज ने उसे सिग्नल एप पर अपनी बहन का मैसेज देखने और उसका जवाब देने की याद दिलाई। महिला का कहना है कि उसने म्यूज को दूसरे एप तक पहुंचने की परमिशन तक नहीं दी थी। उसने इसे निजता का गंभीर उल्लंघन बताया है।
