Ghaziabad News:जेकेजी हाइट्स के खिलाफ दमकल विभाग ने दर्ज कराया था वाद – The Fire Department Had Filed A Case Against Jkg Heights
इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर-18 स्थित जेकेजी हाइट्स सोसायटी में बृहस्पतिवार दोपहर दो फ्लैटों में आग लगने के बाद अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली और सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जेकेजी हाइट्स के खिलाफ दमकल विभाग पहले ही एनओसी नहीं होने पर वाद दर्ज करा चुका है। गौर एवेन्यू सोसायटी में 29 अप्रैल को आग लगने की घटना के बाद दमकल विभाग ने आसपास की सोसायटियों में अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जांच की थी। विभाग अब तक अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर 89 वाद दर्ज करा चुका है।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे जेकेजी हाइट्स की 10 मंजिला इमारत की आठवीं मंजिल स्थित फ्लैट नंबर 801 में आग लगी थी। देखते ही देखते आग नौवीं मंजिल के फ्लैट नंबर 901 तक पहुंच गई। दोनों फ्लैटों से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार निकलने लगा। इससे सोसायटी में अफरातफरी मच गई थी। आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग भी जान बचाने के लिए नीचे की ओर भागे। सूचना पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में दोनों फ्लैटों में रखा करीब 10 से 15 लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया है। शुरुआती जांच में फ्लैट नंबर 801 में पूजा की ज्योत से आग लगने की आशंका जताई गई है। इसके बाद आग बालकनी से होते हुए नौवीं मंजिल तक पहुंची और फ्लैट नंबर 901 के बाहर कपड़ों ने भी आग पकड़ ली। वहीं, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि दमकल विभाग लगातार सभी सोसायटी की जांच की जा रही है। नियमों की अवहेलना करने वाले भवनों व इमारतों पर लगातार वाद दर्ज किए जा रहे हैं। अब तक 89 वाद दर्ज कर दिए गए हैं।
दो परिवारों के उजड़े आशियाने, रिश्तेदारों के घर जाकर काटी रात
सोसायटी के निवासी दिनेश शर्मा ने बताया कि आग में दोनों फ्लैटों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। फ्लैट नंबर 801 के मालिक सौरभ पात्रा पत्नी के साथ रहते हैं। वहीं, फ्लैट नंबर 901 में मनोवैज्ञानिक पारुल कश्यप अपने दो बच्चों के साथ मौजूद थीं। आग देखकर वह बच्चों के साथ नीचे भाग गईं। हादसे के बाद दोनों परिवारों रात को अपने रिश्तेदारों के घर चले गए थे, जहां उन्होंने रात गुजारी।
दमकल ने केवल पांच सोसायटी को दी थी एनओसी
गौर एवेन्यू में आग लगने की घटना के बाद दमकल विभाग ने सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों और एनओसी की जांच की थी। इस दौरान केवल पांच सोसायटियों को ही एनओसी दी गई थी। जेकेजी हाइट्स के पास एनओसी नहीं मिलने पर विभाग ने वाद दर्ज कराया था। दमकल विभाग अब तक नियमों का पालन नहीं करने वाली इमारतों के खिलाफ 89 वाद दर्ज करा चुका है।
