Bulandshahar News:11.58 करोड़ से चौड़ा होगा चांदपुर-कचहरी रोड, 90 हजार लोगों को मिलेगी राहत – Chandpur-kachhari Road To Be Widened At A Cost Of 11.58 Crore; 90,000 People To Benefit
बुलंदशहर। शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल चांदपुर-कचहरी रोड की जल्द तस्वीर बदलने वाली है। लंबे समय से संकरे मार्ग और यातायात के दबाव से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा। करीब सवा दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग को पांच मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर 11.58 करोड़ रुपये को मंजूरी देते हुए 5.92 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।
चांदपुर-कचहरी रोड शहर के पुराने बाईपास से जुड़ा होने के कारण काफी महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 90 हजार लोगों का आवागमन होता है। साथ ही इस मार्ग पर ही कोर्ट, एसएसपी कार्यालय, डीएम कार्यालय हैं, जिसके चलते प्रतिदिन यहां से बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। शहर में आने और बाहर जाने वाले वाहन भी बड़ी संख्या में इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण व्यस्त समय में यहां यातायात का दबाव बढ़ जाता है। कई बार वाहनों की लंबी कतार लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क चौड़ी होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।
शासन से मिली पहली किस्त
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए शासन ने लोक निर्माण विभाग को 5.92 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। कुल 11.58 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले कार्य के लिए यह पहली बड़ी वित्तीय स्वीकृति मानी जा रही है। विभाग की ओर से बजट और निर्माण संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराकर काम शुरू कराने की तैयारी की जाएगी। सड़क चौड़ीकरण के दौरान निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कराया जाएगा, ताकि मार्ग पर यातायात सुचारू रह सके।
पुराने बाईपास से शहर तक पहुंचना होगा आसान
चांदपुर-कचहरी रोड शहर के पुराने बाईपास से जुड़ने के कारण बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है। कचहरी और शहर के अन्य हिस्सों तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। सड़क संकरी होने के कारण दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों के एक साथ गुजरने में दिक्कत होती है। मार्ग के चौड़ीकरण से वाहनों को निकलने के लिए अधिक जगह मिलेगी। इससे कचहरी आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
आवागमन के दबाव को देखते हुए जरूरी था चौड़ीकरण प्रतिदिन करीब 90 हजार लोगों की आवाजाही वाले इस मार्ग का चौड़ीकरण शहर की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि पुराने बाईपास से शहर के भीतर आने-जाने वाले लोगों का समय भी बचेगा। अब लोगों को निर्माण कार्य शुरू होने और निर्धारित समय में पूरा होने का इंतजार है।
कोट
शासन ने चांदपुर से कचहरी मार्ग के चौड़ीकरण को मंजूरी दी है। इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
