बुलंदशहर के सिकंदराबाद इलाके में बृहस्पतिवार देर रात यूपी एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में ढेर हुए 50 हजार के इनमी बदमाश नसीम का आपराधिक सफर 16 साल पहले वर्ष 2010 में एक मामूली चोरी से शुरू हुआ था।
नसीम देखते ही देखते अंडरवर्ल्ड के डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी छोटा शकील (डी-ग्रुप) का गुर्गा बन गया। दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पुलिस के लिए कई साल तक सिरदर्द रहे कुख्यात की कहानी बुलंदशहर की धरती पर आकर पुलिस की गोलियों साथ ही समाप्त हो गई।
पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि न्यू मुस्तफाबाद, दिल्ली निवासी नसीम उर्फ रिजवान ने वर्ष 2010 में अपराध जगत में कदम रखा था। सबसे पहले वह चोरी के एक मामले में जेल गया, लेकिन जेल की सलाखों ने उसे सुधारने के बजाय और बड़ा अपराधी बना दिया। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपना गैंग तैयार किया और लूट, रंगदारी व हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।