कानून का शिकंजा:20 लाख की चोरी कर पुलिस को चकमा देने की साजिश नाकाम, जूते के निशान से पकड़ा गया शातिर चोर – Sehore: Thief Left Phone At Home To Evade Police, Shoe Prints Led Cops To Rs 20.75 Lakh Heist
पुलिस की तकनीकी निगरानी से बचने के लिए शातिर चोर ने ऐसी चाल चली कि वारदात के वक्त अपना मोबाइल फोन तक घर पर छोड़ दिया। उसे भरोसा था कि न मोबाइल की लोकेशन मिलेगी और न पुलिस उस तक पहुंच पाएगी। लेकिन अपराध के बाद घटनास्थल पर छूटा एक छोटा-सा सुराग उसकी पूरी साजिश पर भारी पड़ गया। गीली मिट्टी पर उभरे जूते के निशान ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचने का रास्ता दिखा दिया। करीब एक महीने तक चली गोपनीय निगरानी और दो चरणों में की गई पूछताछ के बाद अहमदपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 16 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी सहित करीब 20 लाख 75 हजार रुपये का शत-प्रतिशत चोरी गया मशरूका बरामद किया है।
मोबाइल घर पर छोड़ा, फिर भी नहीं बच सका शातिर
मामला अहमदपुर कस्बे के नया बाजार मोहल्ले का है। फरियादी ललता प्रसाद दांगी ने 21 अक्टूबर 2026 को थाना अहमदपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 अक्टूबर की रात 10 बजे से 21 अक्टूबर की रात 12:30 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चोरी कर ले गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 250/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें- तीन लाख के कर्ज से परेशान 24 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर ने जहर खाकर दी जान, पिता को सुबह बुलाया था इंदौर
नई मोटरसाइकिल की खुशी में व्यस्त था परिवार, चोर ने उठाया फायदा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के मुताबिक, घटना दशहरे के दिन की है। परिवार नई मोटरसाइकिल खरीदने की खुशी में घर पर पूजा-पाठ और उत्सव में व्यस्त था। इसी माहौल का फायदा उठाकर आरोपी घर के पिछले हिस्से में लगे पाइप के सहारे ऊपर चढ़ा और घर में प्रवेश कर गया। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब 16 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी के जेवर रखे थे। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 20 लाख 75 हजार रुपये थी।
सात दिन तक घटनास्थल खंगालती रही पुलिस, मिट्टी ने खोल दिया राज
वारदात के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान करना थी। शातिर ने तकनीकी सर्विलांस से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था। ऐसे में मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंचना आसान नहीं था। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती सात दिनों तक साक्ष्य जुटाए गए। इसी दौरान गीली मिट्टी पर बने जूते के निशान पुलिस के हाथ लगे। जांच में यह निशान महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ और संदेह के दायरे में आए व्यक्ति की पहचान की दिशा में पुलिस आगे बढ़ी।
ये भी पढ़ें- घोड़े की लात ने ली ठेकेदार की जान, शिकायतों के बावजूद नहीं हटा अवैध अस्तबल; चालान काटकर झाड़ा पल्ला
पहले पूछताछ, फिर एक महीने तक गुप्त निगरानी
पुलिस ने जांच के पहले चरण में संदिग्धों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। संदेह के दायरे में आए व्यक्ति से पूछताछ के बाद उसे तत्काल गिरफ्तार करने के बजाय छोड़ दिया गया, लेकिन पुलिस ने उस पर गोपनीय निगरानी बनाए रखी। करीब एक महीने तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसके बाद पुलिस ने दूसरे चरण में दबिश देकर सख्ती से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने चोरी के मामले में ओमप्रकाश उर्फ शिब्बू पिता जगदीश शर्मा (23), निवासी मेन मार्केट अहमदपुर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी गया करीब 16 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी बरामद की गई है। बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत 20 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है। 22 नवंबर को मामले का विधिवत खुलासा किया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी पीएन गोयल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अहमदपुर निरीक्षक बीएल त्यागी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। कार्रवाई में उपनिरीक्षक किरण राजपूत, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह यादव, प्रधान आरक्षक अजय प्रताप सिंह, आरक्षक पवन वर्मा और तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए पुरस्कृत किए जाने की जानकारी दी।
चालाकी के सारे पैंतरे पड़े भारी
इस वारदात में आरोपी ने मोबाइल घर छोड़कर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन घटनास्थल पर छोड़े गए भौतिक साक्ष्य उसकी पहचान का आधार बन गए। पुलिस की सात दिन की बारीक जांच, करीब एक महीने की गोपनीय निगरानी और सुनियोजित पूछताछ ने आखिरकार चोरी की गुत्थी सुलझा दी। करीब 20 लाख रुपये से अधिक के आभूषणों की बरामदगी के साथ अहमदपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

जानकारी देते पुलिस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे

जब्त किया गया चोरी का माल।
