रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
औरैया

Auraiya News:क्रॉसिंग पर जाम से मिलेगी निजात, चौड़ी और समतल होगी सड़क – Relief From Traffic Jams At The Crossing, The Road Will Be Widened And Leveled

November 25, 2026


अछल्दा। कस्बा स्थित रेलवे क्रॉसिंग 13-बी पर आए दिन लगने वाले जाम से राहगीरों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। समस्या के समाधान के लिए मंगलवार शाम रेलवे के एसएससी (सिग्नल) सुभाष कुमार और यातायात निरीक्षक आलोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्रॉसिंग के बीच बनी ऊबड़-खाबड़ सड़क को समतल करने और ट्रैक रोड को चौड़ा करने की रूपरेखा तैयार की है।

कस्बे का मुख्य मार्ग होने के कारण इस क्रॉसिंग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन, स्कूली बच्चे, व्यापारी और ग्रामीण गुजरते हैं। ट्रेन के आवागमन के दौरान फाटक बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। ट्रैक के बीच की सड़क संकरी और ऊंची-नीची होने के कारण वाहन धीमी गति से निकलते हैं, इससे कई बार आधे घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहता है। इस जाम में एंबुलेंस व अन्य जरूरी सेवाएं भी फंस जाती हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की चौड़ाई और स्थिति को बारीकी से परखा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जाम के मुख्य कारणों को चिह्नित कर लिया गया है और जल्द ही ट्रैक रोड के चौड़ीकरण व समतलीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा, इससे यातायात सुगम हो सके। निरीक्षण के समय आरपीएफ उपनिरीक्षक मुकेश कुमार भी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X