आज करवा चौथ है। इसमें सुहागन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षा और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए व्रत रखती हैं। शाम को चांद देखकर व्रत खोलने की इस परंपरा में प्यार और साथ निभाने का भाव छिपा होता है। लेकिन क्या हमने कभी सोचा है कि जिन पतियों की लंबी उम्र के लिए महिलाएं दिनभर उपवास करती हैं, उनकी सेहत का हाल वास्तव में कैसा है? क्या भारतीय पुरुष सच में स्वस्थ हैं और लंबी उम्र जी पा रहे हैं? वे किन बीमारियों से जूझ रहे हैं और क्या काम का दबाव, आर्थिक चिंता व पारिवारिक जिम्मेदारियां उनकी मानसिक सेहत पर असर डाल रही हैं?
आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि दिल की बीमारियों से लेकर डायबिटीज और कैंसर से लेकर तनाव और आत्महत्या के जोखिमों तक, पुरुषों की सेहत से जुड़े कई सवाल बेहद गंभीर हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मौजूदा हालात को देखते हुए सिर्फ लंबी उम्र की कामना करना ही काफी नहीं है, पतियों की सेहत का ख्याल रखना, समय पर जांच कराना और मानसिक परेशानियों पर खुलकर बात करना भी जरूरी है।
आइए इस करवा चौथ पर जान लेते हैं कि असल में भारतीय पुरुषों की सेहत और उनकी जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए और क्या-क्या उपाय किए जा सकते हैं? कैसे आपके पति की उम्र वास्तव में लंबी हो सकती है?