शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान के चूरू में दर्दनाक हादसा:कार-ट्रक की भिड़ंत में छह की मौत, पांच लोग एक ही परिवार से; मची चीख-पुकार – Several People Killed In A Collision Between A Car And A Truck In Churu, Rajasthan
सीकर

राजस्थान के चूरू में दर्दनाक हादसा:कार-ट्रक की भिड़ंत में छह की मौत, पांच लोग एक ही परिवार से; मची चीख-पुकार – Several People Killed In A Collision Between A Car And A Truck In Churu, Rajasthan

October 29, 2026


राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसा दरदेवा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले के तारानगर क्षेत्र के सोमनसीसर गांव का एक परिवार गोगामेड़ी मंदिर में दर्शन करने जा रहा था। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सादुलपुर क्षेत्र में दरदेवा गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के समय जोरदार धमाका हुआ। हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

पढ़ें: पांच साल देश की सेवा की, अब समाज सेवा की बारी, पूर्व महिला बीएसएफ जवान माया को भाजपा ने उतारा

कार में फंसे लोगों को निकालने में हुई मशक्कत

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त कार से लोगों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को निजी वाहन से सादुलपुर के अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया कि पुलिस और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंचीं। हालांकि, उनके पहुंचने में देरी होने की बात भी सामने आई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य और कार का चालक शामिल बताया गया है।

सोमनसीसर गांव में शोक

एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत की खबर से सोमनसीसर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक छा गया। परिवार के सदस्य गोगामेड़ी मंदिर में दर्शन करने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जिंदगी खत्म कर दी। ग्रामीणों ने घटना पर दुख जताते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

30 दिनों में करीब 24 लोगों की मौत

तारानगर-साहवा क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। बीते 30 दिनों में करीब 24 लोगों की मौत और दर्जनों लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। अब न्यांगली-ददरेवा के पास छह लोगों की मौत के इस हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।

हादसों के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। इसके बावजूद दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में कुछ स्थानों पर सिंगल रोड, खतरनाक मोड़, अचानक आने वाले गड्ढे और अधूरे ब्रेकर वाहन चालकों के लिए परेशानी पैदा करते हैं। ब्रेकर के किनारों पर रखे पत्थर और रात में सामने से आने वाले वाहनों की तेज रोशनी भी दुर्घटना का खतरा बढ़ा सकती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X