रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पटियाला

Patiala News:पंजाबी यूनिवर्सिटी में शोधार्थियों के लिए प्रिज्म सॉफ्टवेयर लॉन्च – Prism Software Launched For Researchers At Punjabi University

November 27, 2026


दाखिले से शोध प्रगति और फीस तक का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन

शोध से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आएगी तेजी, विभागों और शोध शाखा के बीच बेहतर होगा तालमेल

अमर उजाला ब्यूरो

पटियाला। पंजाबी यूनिवर्सिटी ने शोधार्थियों की प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए प्रिज्म नामक एक नया ऑटोमेशन सॉफ्टवेयर शुरू किया है। डीन रिसर्च कार्यालय ने शोध से जुड़ी गतिविधियों और रिकॉर्ड के प्रबंधन के लिए इसे विकसित किया है। यह सॉफ्टवेयर शोधार्थियों को दाखिले से लेकर पीएचडी पूरी होने तक दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति देगा।

यूनिवर्सिटी के सिंडिकेट रूम में वाइस चांसलर जगदीप सिंह ने इसे लॉन्च किया। इसे पंजाबी भाषा, साहित्य और संस्कृति के तकनीकी विकास शोध केंद्र ने विकसित किया है। जगदीप सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में ऑटोमेशन प्रशासनिक और शोध कार्यों के लिए आवश्यक है। इससे कार्य तेज, पारदर्शी और समय के अनुरूप बनेंगे। यह सॉफ्टवेयर शोधार्थियों और शिक्षकों को सुविधा देगा। साथ ही, दफ्तरों की कार्यप्रणाली में भी तेजी आएगी। यह विश्वविद्यालय की डिजिटल दक्षता और आधुनिक अकादमिक प्रशासन के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाता है।

सॉफ्टवेयर के मुख्य उद्देश्य

डीन रिसर्च रितु लहल ने बताया कि इसमें शोधार्थी के पूरे अकादमिक सफर का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसमें दाखिले, सिनोप्सिस जमा करवाने, रजिस्ट्रेशन और शोध प्रगति शामिल है। सेमिनार और फीस संबंधी जानकारी का प्रबंधन व निगरानी भी होगी। इसका मुख्य उद्देश्य शोध रिकॉर्ड को डिजिटल करना और प्रक्रियाओं को सरल बनाना है। यह विश्वविद्यालय की शोध शाखा और विभागों के बीच तालमेल बेहतर करेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X