पिपली कुरुक्षेत्र। लुखी गांव स्थित पीएनबी की शाखा प्रबंधक का शव उसके किराए के कमरे पर मिला है, जिससे आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव कब्जे में लिया तो पोस्टमॉर्टम के उपरांत परिजन को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान करीब 33 वर्षीय नीरज वासी करनाल के रूप में हुई है। नीरज का शव कमरे में बेड के पास फर्श पर बिछी चटाई पर पड़ा था। मुंह पर खून भी लगा था। वह अपने पीछे पत्नी सरिता व बेटे रुद्र को छोड़ गए हैं। पुलिस का कहना है कि नीरज के पिता नेवी से सेवानिवृत्त हैं। वह सेक्टर दो में किराए के मकान में रहता था और कुछ दिन बाद करनाल अपने घर भी चला जाता था। जांच के दौरान उनके शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं मिले।
थाना एसएचओ रणधीर सिंह का कहना है कि परिजन के मुताबिक नीरज ने जब उसके एक दोस्त का फोन नहीं उठाया तो कुछ आशंका हुई। वह मौके पर पहुंचा तो उसका कमरा अंदर से बंद था और दरवाजा खुल नहीं रहा था। दरवाजा तोड़ा वह चटाई पर पड़ा मिला। एसएचओ ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल कोई आशंका जाहिर नहीं की है जिसके चलते सामान्य कार्रवाई कर शव उनके हवाले कर दिया गया।