डीटीएफ का सर्वे :पंजाब के सरकारी स्कूलों में 60 फीसदी प्रिंसिपल पद खाली – Dtf Survey: 60% Of Principal Positions Vacant In Punjab Government Schools
मोगा, बरनाला और तरनतारन में 75 प्रतिशत से अधिक स्कूल बिना प्रिंसिपल के चल रहे हैं : अश्वनी अवस्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पंजाब के सरकारी सेकेंडरी स्कूलों में प्रिंसिपलों की भारी कमी सामने आई है। डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) के सर्वे में यह खुलासा हुआ है। राज्य के करीब 60 फीसदी सरकारी सेकेंडरी स्कूलों में प्रिंसिपलों के पद खाली पड़े हैं। डीटीएफ के जिला प्रधान अश्वनी अवस्थी ने इस स्थिति पर चिंता जताई है।
उन्होंने बताया कि कुल 1927 मंजूर पदों में से 1153 पद रिक्त हैं। मानसा और शहीद भगत सिंह नगर में लगभग 80 फीसदी स्कूल प्रिंसिपलों के बिना चल रहे हैं। मोगा, बरनाला और तरनतारन में भी 75 फीसदी से अधिक स्कूलों में प्रिंसिपल नहीं हैं। इन पदों के खाली रहने से स्कूलों के प्रशासनिक और शैक्षणिक संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ सकता है। डीटीएफ ने सरकार से इन रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है।
