Sultanpur News:गोमती किनारे जीवंत हुई त्रेतायुग की गाथा – The Saga Of The Treta Yuga Comes Alive On The Banks Of The Gomti
सुल्तानपुर। अयोध्या से चित्रकूट के लिए निकली 54वीं भरत यात्रा बृहस्पतिवार देर शाम जिले में पहुंची। एक हजार से अधिक संतों और श्रद्धालुओं के साथ निकली इस यात्रा का पड़ाव गोमती नदी के तट स्थित सीताकुंड घाट पर रहा। यहां श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भक्तिमय माहौल बना दिया। इस अवसर पर शहरवासियों ने भी यात्रा का भव्य स्वागत किया।
मणिरामदास की छावनी से बृहस्पतिवार सुबह रवाना हुई यह यात्रा भगवान श्रीराम के प्रति भरत के त्याग, भ्रातृप्रेम और समर्पण की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली गई है। यात्रा में भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप, सुसज्जित रथ और धर्मध्वज आकर्षण का केंद्र रहे। गाजे-बाजे के साथ शहर पहुंची यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। सीताकुंड घाट पर रात्रि विश्राम के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इन प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण राममय हो गया। यात्रा में शामिल महंत रामशरण दास रामायणी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। उन्होंने भगवान श्रीराम और भरत के जीवन से मिलने वाले त्याग, प्रेम, मर्यादा और समर्पण के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया। कहा कि इन आदर्शों का सामाजिक और पारिवारिक जीवन में विशेष महत्व है। इस अवसर पर कुंवर दिनकर प्रताप सिंह, सुरेंद्र कसौधन, सेनजीत कसौधन, राजेंद्र पाठक और रुद्र प्रताप सिंह मदन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। यात्रा का अगला पड़ाव चित्रकूट है।
