रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कांगड़ा

Kangra News:लंडियारा में गलघोटू से तीन भैंसों की मौत – Three Buffaloes Die Of Hemorrhagic Septicemia In Landiyara

November 29, 2026


मौत के कारणों की पुष्टि के लिए सैंपल जांच को भेजे

पशुपालकों ने टीकाकरण शिविर लगाने की उठाई मांग

संवाद न्यूज एजेंसी

डाडासीबा (कांगड़ा)। लंडियारा पंचायत में गलघोटू बीमारी से तीन भैंसों की मौत का मामला सामने आया है। मृत भैंसें गांव के सुरजीत पुत्र गोरखा राम, कुशल कुमार और बीरबल सिंह की हैं। घटना से प्रभावित पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

पशु फार्मासिस्ट डॉ. नितीश सरोच ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भैंसों की मौत का कारण गलघोटू बीमारी प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए सैंपल लेकर पोस्टमार्टम जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

उन्होंने बताया कि गलघोटू संक्रामक बीमारी है और इस मौसम में पशुओं के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। समय पर टीकाकरण न होने पर यह जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने पशुपालकों से पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाने और बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने की अपील की। बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत विभाग को सूचित करने को कहा।

वहीं, ग्रामीणों ने पंचायत में विशेष पशु स्वास्थ्य शिविर लगाने और सभी पशुओं का जल्द टीकाकरण करवाने की मांग की है। डॉ. सरोच ने बताया कि जल्द ही क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में टीकाकरण शिविर लगाए जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X