AI से आई मुकदमों की बाढ़… जर्मनी में जजों ने क्यों पकड़ लिया माथा?
Agency:एजेंसियां
Last Updated:
जर्मनी में AI से तैयार होकर आ रही लंबी और उलझी याचिकाओं से अदालतें और जज परेशान हैं. एक साल में अर्जेंट मामलों में भारी बढ़ोतरी हुई है और अदालतों को मुकदमों के निपटारे में मुश्किलें आ रही हैं. अब कोर्ट ऐसे मामलों में फीस लगाने की तैयारी कर रही है.
जर्मनी की अदालतों में एआई से तैयार याचिकाएं दायर की जा रही हैं. (फोटो-pixabay)
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस ने लोगों के बहुत सारे काम आसान कर दिए हैं. अब लोग कानूनी मामलों में मदद से लेकर शिकायतें और मुकदमे तैयार करने तक इसकी मदद ले रहे हैं. हालांकि जर्मनी में AI का बढ़ता इस्तेमाल अदालतों की मुसीबत बन गया है. यहां परेशान जजों ने अपना माथा पकड़ लिया है. जजों का कहना है कि यहां जो भी याचिकाएं पहुंच रही हैं वे AI से तैयार की गई हैं.
जर्मनी की सोशल कोर्ट में आम नागरिक बिना वकील की मदद के भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. यहां आने वाले ज्यादातर मामले बेरोजगारी भत्ते में कटौती, सरकारी लाभ रोकने से जुड़े होते हैं. इसके लावा स्वास्थ्य बीमा से जुड़े केस भी अदालतों में पहुंचते हैं. बर्लिन स्टेट सोशल कोर्ट के प्रवक्ता और जज मार्कस होवे के मुताबिक 2026 में उनके कोर्ट में 2025 की तुलना में 28 फीसदी ज्यादा मामले आए हैं. इनमें से ज्यादातर मामले वे हैं जो एआई से तैयार कराए गए हैं.
जर्मनी के कई राज्यों की अदालतों में AI की मदद से तैयार की गई याचिकाओं में दिख रही है. जर्मनी के सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया के आठ सोशल कोर्ट में अर्जेंट मामलों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. लीगल ट्रिब्यून ऑनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक 2025 की पहली तिमाही में इन अदालतों में करीब 1400 अर्जेंट मामले सामने आए. 2026 की पहली तिमाही में यह संख्या बढ़कर लगभग 3,600 हो गई. यानी एक साल में अर्जेंट मामलों की संख्या ढाई गुने से ज्यादा हो गई.
जर्मनी के जजों का कहना है कि एआई से तैयार याचिकाओं को पहचानना मुश्किल नहीं है. इनके लिखने का तरीका और भाषा आम लोगों की शिकायतों से काफी अलग होती हैं. बर्लिन स्टेट सोशल कोर्ट के जज मार्कस होवे के मुताबिक, ऐसी याचिकाओं में अक्सर अलग-अलग फॉन्ट और लेआउट देखने को मिलते हैं. कई बार ये याचिकाएं इतनी लंबी और उलझी होती है कि उनमें केस की जरूरी जानकारियां भी ढूंढनी मुश्किल होती हैं. इनमें ऐसे कानूनी तर्क भी शामिल होते हैं जिनका असली समस्या से कोई संबंध ही नहीं होता है.
DW की एक रिपोर्ट के मुताबिक AI से तैयार मुकदमों की समस्या कितनी गंभीर हो सकती है, इसका अंदाजा ब्रांडेनबर्ग के पॉट्सडैम स्थित सोशल कोर्ट में आए मामले से लगाया जा सकता है. कोर्ट के प्रमुख फ्रेडरिक-जोहान्स ग्राफ वॉन पफिल के मुताबिक उन्हें एक याचिका ऐसी मिली जो 800 पन्नों की थी. यहां आई एक शिकायत ने तो हद ही कर दी, वह 3800 पन्नों से ज्यादा थी. मुश्किल यह है कि अदालत को शिकायत में लिखी हर बात का जवाब देना होता है. कई बार इन दस्तावेजों में दूसरे अदालती फैसलों के हवाले दिए जाते हैं उनकी गलत व्याख्या होती है.
जब एआई की मदद से मुकदमे तैयार किए जा रहे तो अदालतें एआई का इस्तेमाल करके इन दस्तावेजों को छोटा या संक्षिप्त क्यों नहीं करते. इसकी सबसे बड़ी वजह डेटा सुरक्षा और निजता से जुड़ी चिंताएं हैं. जज वॉन पफिल के मुताबिक, अदालतों में कई ऐसे मामले आते हैं जिनमें मरीजों की मेडिकल रिपोर्ट और दूसरी संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारियां होती हैं. अगर अदालतें बाहरी AI टूल्स पर इन दस्तावेजों को अपलोड करती हैं, तो संवेदनशील जानकारी ऐसे सर्वर तक पहुंच सकती है, जो न्यायिक व्यवस्था के कंट्रोल में नहीं है.
जर्मनी में इस समस्या से निपटने के लिए न्यायिक व्यवस्था में बदलाव पर चर्चा शुरू हो गई है. इस महीने राज्य और संघीय स्तर के न्याय मंत्रियों की बैठक में इस मुद्दे पर विचार करने के लिए एक वर्किंग ग्रुप बनाने पर सहमति बनी है. हेस्से राज्य के न्याय मंत्री क्रिश्चियन हेंज ने सुझाव दिया कि अर्जेंट शिकायत दर्ज कराने के लिए 15 यूरो यानी करीब 16.40 डॉलर की फीस लगाई जा सकती है. एक अन्य प्रस्ताव यह है कि ऐसे मुकदमों के लिए भी कोर्ट का खर्च वसूला जाए. जर्मनी के सोशल वेलफेयर एसोसिएशन VdK का कहना है कि अदालतों में शिकायत दर्ज कराने की सुविधा सभी के लिए आसान और मुफ्त रहनी चाहिए.

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. इससे पहले मैंने, अमर उजाला, हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में काम किया है. साथ ही टाइम्स नाउ, जागरण और टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट में राजनीति, इतिहास, शिक्षा, साहित्…
और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login
