रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Health Tips : सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए नहीं पड़ेगी दवाइयों की जरूरत, अंबाला के आयुष डॉक्टर ने बताई ट्रिक
लाइफ़स्टाइल

Health Tips : सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए नहीं पड़ेगी दवाइयों की जरूरत, अंबाला के आयुष डॉक्टर ने बताई ट्रिक

November 29, 2026


अंबाला. सर्दियों का मौसम शुरू होते ही सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में अपनी सेहत का ध्यान रखना और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखना बेहद जरूरी हो जाता है. अक्सर लोग इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए महंगे हेल्थ सप्लीमेंट और दवाइयों का सहारा लेते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई और घर में मौजूद कई चीजें भी सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती हैं. बादाम, अखरोट, अंजीर, आंवला और हरी सब्जियों जैसी चीजों को अपनी डाइट में शामिल करके सर्दियों में सेहत का ख्याल रखा जा सकता है. लोकल 18 ने इस बारे में अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. जितेंद्र वर्मा से बात की. डॉ. जितेंद्र बताते हैं कि आयुर्वेद में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाए रखने के लिए कई तरह के रसायनों का जिक्र मिलता है. इनमें च्यवनप्राश प्रमुख है.

सुबह खाली पेट खाएं

डॉ. जितेंद्र के मुताबिक, बच्चे हों या बड़े अपनी सेहत और ऊर्जा बनाए रखने के लिए च्यवनप्राश का सेवन कर सकते हैं. सितोपलादि चूर्ण और तालीसादि चूर्ण का भी उपयोग किया जा सकता है. हालांकि, इनका सेवन व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ की सलाह से ही करें. इम्यूनिटी के लिए घर में मौजूद बादाम, अखरोट और अंजीर भी पौष्टिक आहार का हिस्सा हो सकते हैं. इन्हें रात में पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट खाया जा सकता है. सर्दियों में संतुलित मात्रा में देसी घी का सेवन भी किया जा सकता है.

डॉ. जितेंद्र बताते हैं कि आंवला भी सेहत के लिए फायदेमंद है. इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर की सामान्य प्रतिरक्षा में मदद करते हैं. कई लोग आंवले का चूर्ण इस्तेमाल करते हैं तो कुछ लोग आंवले का मुरब्बा खाना पसंद करते हैं. डॉ. जितेंद्र कहते हैं कि आंवले का सेवन अपनी प्रकृति और स्वास्थ्य के अनुसार करें. डॉ. जितेंद्र के मुताबिक, सर्दियों में कई तरह की ताजी हरी सब्जियां उपलब्ध होती हैं. पालक, मेथी, मूली के पत्ते, गाजर, शलगम और गोभी जैसी मौसमी सब्जियों को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें. इनमें मौजूद विटामिन, मिनरल और फाइबर शरीर को जरूरी पोषण देते हैं. केवल दालों पर निर्भर रहने के बजाय भोजन में अलग-अलग तरह की सब्जियों को भी पर्याप्त जगह देनी चाहिए.

जिन्हें सब्जियां पसंद नहीं, करें ये काम 

कई लोगों को हरी सब्जियां खाना पसंद नहीं होता, ऐसे में वे सब्जियों का सूप बनाकर अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं. पालक, गाजर, टमाटर और दूसरी मौसमी सब्जियों से बना सूप सर्दियों में एक अच्छा पौष्टिक विकल्प हो सकता है. सर्दियों में इम्यूनिटी बेहतर बनाए रखने के लिए खानपान के साथ-साथ नियमित दिनचर्या पर भी ध्यान देना चाहिए. पर्याप्त नींद, शारीरिक गतिविधि और संतुलित भोजन सेहत के लिए जरूरी हैं. डॉ. जितेंद्र के मुताबिक, ध्यान रखें कि कोई एक खाद्य पदार्थ इम्यूनिटी बढ़ाने की गारंटी नहीं देता, सही खानपान और स्वस्थ जीवनशैली ही लंबे समय तक अच्छी सेहत बनाए रखने का सबसे आसान तरीका है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X