रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
औरैया

Auraiya News:स्मैक बरामदगी साबित नहीं कर सकी पुलिस, आरोपी बरी – Police Failed To Prove Recovery Of Smack; Accused Acquitted

November 29, 2026


10 ग्राम स्मैक की बरामदगी दिखाई, लैब रिपोर्ट में मात्रा 7.6 ग्राम दर्ज मिली

संवाद न्यूज एजेंसी

औरैया। 13 वर्ष पुराने स्मैक बरामदगी के मामले में आरोपी सोनू मिश्रा को संदेह का लाभ देते हुए कोर्ट ने दोषमुक्त कर दिया है। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट पारूल जैन की अदालत ने सुनाया फैसला।

अभियोजन के अनुसार, पांच अक्तूबर 2013 को पुलिस टीम नुमाइश मैदान के दक्षिणी किनारे से संजय गेट की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे दौड़ाकर नुमाइश मैदान गेट के सामने पकड़ लिया गया। पुलिस का दावा था कि तलाशी में उसकी पैंट की दाहिनी जेब से पॉलिथीन में करीब 10 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी, जिसके आधार पर कोतवाली औरैया में मुकदमा दर्ज कर विवेचना के बाद आरोपपत्र दाखिल किया गया।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने बरामदगी, कब्जे की शृंखला और विवेचना पर गंभीर सवाल उठाए। न्यायालय ने पत्रावली व साक्ष्यों में पाया कि मौके पर पॉलिथीन में 10 ग्राम स्मैक बरामद होने का दावा किया गया, जबकि विधि विज्ञान प्रयोगशाला की आख्या में पदार्थ की मात्रा 7.6 ग्राम दर्ज मिली और न्यायालय में खोले गए बंडल में अखबारी कागज के भीतर सामग्री पाई गई।

प्रक्रियाओं में खामियां और गवाहों के बयानों व अभिलेखों में विरोधाभास सामने आया। इन्हीं आधारों पर न्यायालय ने सोनू को दोषमुक्त करते हुए उसके व्यक्तिगत बंधपत्र व जमानतनामे निरस्त कर दिए, साथ ही धारा 437ए के तहत 20 हजार रुपये का मुचलका व दो जमानतें सात दिन में दाखिल करने का आदेश दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X