Auraiya News:मुआवजे के आश्वासन पर युवक के शव का अंतिम संस्कार – Last Rites Of The Youth’s Body Performed Following Assurance Of Compensation
-हाईटेंशन लाइन में लोहे का पाइप से छूने से शुक्रवार को हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अछल्दा। इटैली गांव में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से जान गंवाने वाले योगेश (28) का शनिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। शुक्रवार को सैफई में उपचार के दौरान मौत के बाद परिजनों ने मुआवजे और हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई बढ़ाने की मांग को लेकर अंतिम संस्कार रोक दिया था। विद्युत निगम के अधिकारियों ने मुआवजा दिलाने, खंभा दूसरी जगह शिफ्ट करने और तारों की ऊंचाई बढ़ाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन राजी हुए।
योगेश शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे निर्माणाधीन मकान में चाली लगाने के लिए लोहे का पाइप लगा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आकर झुलस गए थे। शुक्रवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने लाइन नीचे होने को हादसे की वजह बताते हुए अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। शनिवार को पुलिस के समझाने पर भी परिजन विद्युत अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
इसके बाद कुदरकोट एसडीओ सत्येंद्र कुमार, जेई जितेंद्र कुमार, अछल्दा एसडीओ संजीव निरंजन और जेई धीरेंद्र कुमार पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार किया गया। योगेश के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि अंतिम संस्कार करा दिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
