बिहार:पश्चिम चंपारण में हाथी दांत की तस्करी का खुलासा, 19.39 किलो माल के साथ चार तस्कर गिरफ्तार – Elephant Tusk Smuggling Uncovered In West Champaran; Four Smugglers Arrested With 19.39 Kg Of The Contraband
हाथी दांत की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग के चलते वन्यजीवों की तस्करी का अवैध कारोबार लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार, 25 नवंबर को पश्चिम चंपारण जिले में वन विभाग, राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार तस्करों को हाथी दांत के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से कुल 19.39 किलो हाथी दांत बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े तार भी सामने आए हैं।
19.39 किलो हाथी दांत जब्त
बेतिया वन प्रमंडल के वन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि बुधवार को इंडो-नेपाल सीमा के समीप वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के रामनगर वन प्रक्षेत्र में पूर्व से मिली सूचना के आधार पर DRI और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान चार लोगों को करीब 19.39 किलो हाथी दांत के साथ हिरासत में लिया गया। जब्त हाथी दांत चार हिस्सों में था, जिसे वन विभाग को सौंप दिया गया। चारों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया।
लौरिया पेट्रोल पंप के पास पकड़े गए तस्कर
मीडिया सूत्रों के अनुसार, आरोपी हाथी दांत खरीदकर लौरिया के रास्ते लौट रहे थे। इसी दौरान DRI और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने लौरिया पेट्रोल पंप के पास उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरकटियागंज निवासी बरम देव और नरेश कुमार, भोजपुर निवासी मृत्युंजय मिश्रा तथा पटना निवासी संतोष पांडे के रूप में हुई है।
कई देशों तक फैला है हाथी दांत का कारोबार
वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में करीब 17 वर्षों से काम कर रहे विशेषज्ञ अभिषेक के मुताबिक, हाथी दांत की तस्करी और काले बाजार में इसकी खरीद-बिक्री का सिलसिला लंबे समय से जारी है। तस्करी के बाद बिहार समेत देश के अन्य राज्यों से हाथी दांत नेपाल पहुंचाया जाता है। वहां से इसे चीन, म्यांमार, जापान, वियतनाम और थाईलैंड जैसे देशों में भेजा जाता है। वर्ष 2011-12 तक चीन दुनिया का सबसे बड़ा हाथी दांत आयातक देश था।
75 हजार रुपये प्रति किलो तक कीमत
सूत्रों के मुताबिक, काले बाजार में हाथी दांत की कीमत 25 हजार से 75 हजार रुपये प्रति किलो तक होती है। इसकी कीमत दांत की गुणवत्ता, आकार और उम्र के आधार पर तय की जाती है। बेहतर गुणवत्ता वाले हाथी दांत के लिए तस्कर और खरीदार अधिक कीमत चुकाने को तैयार रहते हैं।
आभूषण से लेकर हंकू सील तक बनाने में इस्तेमाल
विशेषज्ञ अभिषेक के मुताबिक, हाथी दांत का इस्तेमाल बेशकीमती आभूषण, मूर्तियां, पियानो की सफेद कुंजियां और विशेष प्रकार की स्टांप सील बनाने में किया जाता है। जापान में इस तरह की सील को हंकू कहा जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनसे बनी वस्तुओं की कीमत काफी अधिक होती है और इन्हें एंटीक कलेक्शन का हिस्सा माना जाता है। हालांकि, हाथी दांत से बनी वस्तुओं की खरीद-बिक्री और हाथी दांत का अवैध व्यापार कानूनन अपराध है।
