शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:एनपीके के दाम में 500 रुपये बढ़ोतरी, किसानों में गुस्सा – Npk Prices Hiked By Rs 500; Farmers Express Anger

October 30, 2026


अमरोहा। एनपीके खाद के कट्टे की कीमत में 500 रुपये की बढ़ोतरी से किसानों की चिंता बढ़ गई है। पहले 1950 रुपये में मिलने वाला कट्टा अब 2450 रुपये में मिलेगा। किसानों ने बढ़े दाम वापस लेने की मांग की है।

जिले में करीब 1.76 लाख हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल है और लगभग 2.50 लाख किसान खेती करते हैं। अक्तूबर से मार्च तक करीब नौ हजार मीट्रिक टन एनपीके खाद की खपत होती है। वर्तमान में सात हजार मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है।

किसानों का कहना है कि भाजपा सरकार ने आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आमदनी बढ़ने के बजाय खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल, बिजली और मजदूरी महंगी होने से खेती मुश्किल हो रही है। गन्ना किसानों को भी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।

किसानों ने कहा कि कृषि लागत बढ़ने के अनुपात में उपज का मूल्य भी बढ़ाया जाना चाहिए। सरकार खाद के बढ़े दाम वापस लेकर राहत दे।

————————–

– खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, उर्वरक और कीटनाशकों के दाम बढ़ने से किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, जबकि उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। किसानों को आश्वासन नहीं, बल्कि फसलों का सम्मानजनक मूल्य और आर्थिक सुरक्षा चाहिए। किसान खुशहाल होगा, तभी देश और उपभोक्ता भी खुशहाल होंगे।

– दिवाकर सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाकियू शंकर

– खाद और खेती में इस्तेमाल होने वाली अन्य वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि किसानों को फसल की लागत तक नहीं मिल पा रही है। सरकार ने आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन खेती की बढ़ती लागत से मुश्किलें बढ़ गई हैं। सरकार डीएपी के बढ़े दाम वापस लेकर किसानों को राहत दे।

– दानवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष, भाकियू टिकैत गुट

– एनपीके खाद की कीमतों में बार-बार बढ़ोतरी से किसानों में आक्रोश है। खाद महंगी होने से खेती की लागत बढ़ रही है और खेती करना मुश्किल हो रहा है। सरकार को किसानों की परेशानी समझते हुए बढ़े दामों पर ध्यान देना चाहिए।

– महावीर सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाकियू चौधरी करतार सिंह गुट

जिले में किसानों को जरूरत के अनुसार खाद का वितरण कराया जा रहा है। फिलहाल खाद की कोई कमी नहीं है। जिले में सात हजार मीट्रिक टन एनपीके खाद उपलब्ध है। किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

– मनोज कुमार, जिला कृषि अधिकारी अमरोहा

———————

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X