शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirsa News:पुलिस चौकी के बाहर नशे के मामले में पोस्टर चिपकाने से चर्चा – Poster Near Police Chauki
सिरसा

Sirsa News:पुलिस चौकी के बाहर नशे के मामले में पोस्टर चिपकाने से चर्चा – Poster Near Police Chauki

November 1, 2026


पोस्टर में 21 नामजद, अक्तूबर से हेरोइन तस्करी के मामले में जेल में बंद

संवाद न्यूज एजेंसी

कालांवाली। शहर में पुलिस चौकी के बाहर नशे की बिक्री को लेकर एक अज्ञात व्यक्ति की ओर से पोस्टर चिपकाए जाने का मामला सामने आया है। पोस्टर में एक व्यक्ति पर नशीले पदार्थ और कैप्सूल बेचने के आरोप लगाए गए हैं।

हालांकि, पोस्टर में नामजद व्यक्ति पहले से ही नशा तस्करी के मामले में जेल में बंद है। घटना के बाद क्षेत्र में इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पोस्टर में पुलिस अधीक्षक के नाम लिखी शिकायत में गुरजंट सिंह निवासी कालांवाली पर नशीले पदार्थों और कैप्सूल की बिक्री करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने मामले में गवाह होने का दावा करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अपनी पहचान गोपनीय रखने की अपील भी की है। पोस्टर पर आरोपी का पता और मोबाइल नंबर भी लिखा गया है। इसे किसने लगाया, इसका पता नहीं चल पाया है।

हेरोइन के साथ पकड़ा गया था आरोपी

पुलिस प्रवक्ता आनंद के अनुसार सीआईए कालांवाली की टीम ने 21 अक्तूबर को गुरजंट सिंह को 10.660 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर

कालांवाली थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि पुलिस नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पोस्टर में नामजद व्यक्ति पहले से जेल में है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग क्षेत्र में अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में शहरवासियों की शिकायत पर एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर जांच की गई थी लेकिन उसके पास से कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X