सीजी:खेत बेचकर डिजिटल टोकन में लगाए 11.60 लाख, न मुनाफा मिला न मूल रकम; तीन आरोपी गिरफ्तार – Lured By The Prospect Of Higher Profits, A Man Lost ₹11.60 Lakh; He Sold His Farmland And Invested
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अंतरराष्ट्रीय करेंसी और डिजिटल टोकन में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने के लालच में एक व्यक्ति ने अपना खेत बेच दिया और 11.60 लाख रुपये गंवा दिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला साइबर थाने से संबंधित है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विक्रम परिडा ने चक्रधर नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसकी पहचान गजुला मोहन से हुई थी, जो फास्ट फूड की दुकान में कुक का काम करता था। गजुला मोहन ने उसे यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन जैसे डिजिटल टोकन में निवेश कर खुद लाभ कमाने की बात कही। उसने अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित किया।
उसकी बातों में आकर प्रार्थी ने अपना खेत बेच दिया और 25 जुलाई से सितंबर 2024 के बीच कुल 11 लाख 60 हजार रुपये निवेश कर दिए। प्रार्थी के अनुसार, रकम प्राप्त करने के लिए चंदन दास के माध्यम से बीड क्वाइन से जुड़े कार्य करने वाले भावेष पटेल के बैंक खाते का इस्तेमाल किया गया। निवेश के बाद न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही मूल रकम वापस मिली। बार-बार मांगने के बावजूद पैसे नहीं मिलने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
पढ़ें: राजनांदगांव गो-हत्या मामले में मुख्य आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, अब तक 14 पकड़े गए
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गजुला मोहन के खिलाफ वर्ष 2025 में चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में विवेकानंद राउत, देवेंद्र महापात्रे और शरद जैन से संबंधित धोखाधड़ी की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया था। उस मामले में न्यायालय से स्टे मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस पुराने मामले से जुड़े तथ्यों और मौजूदा प्रकरण में आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
साइबर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित बैंक खातों के स्टेटमेंट प्राप्त कर उनका अवलोकन किया। जांच में प्रार्थी और आरोपियों के बीच लेनदेन की जानकारी सामने आई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस जांच में यह भी जानकारी मिली है कि मुख्य आरोपी गजुला मोहन के संपर्क ओडिशा और मुंबई तक थे तथा रकम अन्य लोगों तक भेजे जाने की आशंका है। पुलिस इस पहलू की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि ठगी की पूरी रकम के लेनदेन और अन्य संलिप्त व्यक्तियों का पता लगाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी
-
गजुला मोहन (45 वर्ष): निवासी ग्राम बरमपुर, थाना हिंजली, जिला गंजाम (ओडिशा)। वर्तमान पता: हिमालया हाइट्स, संजय नगर, थाना चक्रधरनगर।
-
चंदन दास (33 वर्ष): निवासी ग्राम साबामूला, थाना जगतसिंहपुर (ओडिशा)। वर्तमान पता: आशीष टोप्पो के मकान में, रायगढ़ स्टेडियम के पास, थाना चक्रधरनगर।
-
भावेष पटेल (28 वर्ष): पिता जगतराम पटेल, निवासी कारीछापर, थाना पुसौर।
