Kannauj News:कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में सास-बहू की मौत, पांच घायल – Mother-in-law And Daughter-in-law Killed, Five Injured In Collision Between Car And Tractor-trolley
गुगरापुर (कन्नौज)। अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर मिरगावां कट के पास शनिवार को कार और आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार सास और बहू की मौत हो गई जबकि तीन बहनों व एक बेटी समेत पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों और राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। बेटी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भुलभुलियापुर निवासी जमुना देवी (56) की बेटी फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मोती नगरा निवासी मंजू (25) की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। बेटी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जमुना देवी, सास सिया दुलारी (82), बहन विरला देवी (55), सुनीता देवी (40), बेटी विशुनगढ़ के ग्राम शंकरपुर निवासी अंजू देवी (25), कार चालक आयोग बाबू (27) के साथ मोतीनगर सुबह गए थे। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद सभी कार से शाम को भुलभुलियापुर आ रहे थे।
अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर मिरगावां कट के पास शाम चार बजे गलत दिशा से आ रहे आलू लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कार डिवाइडर पर चढ़ गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने जमुना देवी और सास सिया दुलारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जमुना की बेटी अंजू की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद हाईवे के दोनों लेन पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। सीओ सुरेश कुमार मलिक ने बताया कि मिरगावां में कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हुई थी, जिसमें कार सवार दो महिलाओं की मौत हुई है और चार महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार चालक बोला ट्रैक्टर ने सामने से मारी टक्कर
कार चालक अंजू के पति आयोग बाबू ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली गलत दिशा से आ रही थी। ट्रैक्टर ने सामने से टक्कर मारी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया, लेकिन सास और दादी की हादसे में जान चली गई।
पुलिस का दावा, ट्रॉली में पीछे से घुसी कार
कोतवाल ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली के पीछे से कार आई और ट्रॉली में घुस गई, जिससे ट्रॉली का एंगल कार में फंस गया।
