Faridabad News:ढाई महीने से खड़ी बस को डिपो में इधर-उधर करने में फूंक दिया 55 लीटर डीजल – Once The Officials Were Informed, They Began Seeking Explanations From The Employees
अधिकारियों को जानकारी मिली तो कर्मचारियों से मांगा जा रहा जवाब
बस के संचालन के बजाय डिपो में ही खर्च हो रहा था तेल
हेमलता
फरीदाबाद। रोडवेज विभाग में लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। डिपो में पिछले करीब ढाई महीने से खड़ी एक बस को इधर-उधर करने में ही 55 लीटर डीजल खर्च कर दिया गया। बस लंबे समय से सड़क पर नहीं चल रही थी, लेकिन डिपो परिसर में उसे एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के नाम पर लगातार डीजल की खपत होती रही। मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचने के बाद विभाग में हलचल मच गई है। अधिकारियों ने इस संबंध में संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगना शुरू कर दिया है।
बस डिपो में एक ही हैड मैकेनिक होने के चलते डिपो में करीब 30 से 35 बसें खराब खड़ी हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण बसों को ठीक करने में दिक्कत आ रही है। उसी वजह से कई रूटों पर बसों का संचालन कम हो रहा है। इसी के चलते डिपो के अंदर खड़ी बसों को ठीक करने के लिए इधर से उधर करना पड़ता है। ऐसी ही एक एसी बस पिछले ढाई महीने से डिपो के अंदर खड़ी थी। उस बस को डिपो के अंदर ही इधर से उधर करने पर 55 लीटर तेल खर्च कर दिया गया। जिसकी जानकारी अधिकारियों को मिली तो जांच शुरू कर दी गई है। इस पर रोडवेज कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है।
ड्यूटी इंचार्ज जगदीश ने बताया कि रूट से आने के बाद ढाई माह पहले बस को डिपो में खड़ा कर दिया गया था। उस वक्त इसमें 55 लीटर तेल था। इसके बाद से बस को इधर से उधर करने में यह तेल खत्म हो गया था। डिपो के अंदर अगर किसी बस को चलाने के दौरान तेल की खपत होती है तो उसकी पर्ची डीआई ब्रांच की ओर से नहीं दी जा सकती है, क्योंकि डीआई ब्रांच रूट पर जाने वाली बसों को डीजल की पर्ची देती है।
