Chitrakoot News:139 करोड़ से बना 40 मेगावाट का सोलर प्लांट – 40 Mw Solar Plant Built At A Cost Of 139 Crore
चित्रकूट। बुंदेलखंड के पिछड़े क्षेत्र में गिने जाने वाले मानिकपुर में अब सौर ऊर्जा से नई रोशनी फैलेगी।
श्री सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने मानिकपुर के अगरहुंडा और मदना गांव में 139 करोड़ रुपये के निवेश से 40 मेगावाट क्षमता का अत्याधुनिक सोलर पावर प्लांट स्थापित किया है। 112 एकड़ भूमि पर फैली यह परियोजना न केवल बिजली व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास की नई पहल भी साबित होगी।
इस प्लांट की स्थापना से बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा। खासकर गर्मी में होने वाली लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती से निजात मिलेगी। यह प्लांट सीधे ग्रिड से जुड़ेगा, जिससे उत्पादित बिजली का उपयोग स्थानीय उद्योगों और घरेलू आपूर्ति में किया जा सकेगा। प्लांट में नवीनतम सोलर पैनल और ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे कम धूप में भी अधिकतम उत्पादन संभव होगा।
रख-रखाव के लिए ऑटोमेटेड क्लीनिंग सिस्टम भी लगाया गया है। यह परियोजना सरकार की सौर ऊर्जा नीति और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत बड़ी पहल है। इससे करीब 42 हजार टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में भी कमी आएगी।
इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुले हैं। निर्माण के दौरान 200 से अधिक स्थानीय मजदूरों और तकनीशियनों को काम मिला था, जबकि अब संचालन और रख-रखाव के लिए 50 से अधिक स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें अधिकांश मानिकपुर और आसपास के गांवों के युवा हैं।
–
वर्जन
सोलर पावर प्लांट के इतने बड़े निवेश से क्षेत्र में अन्य उद्योगों के आने की संभावनाएं बढ़ेंगी। युवाओं को अब क्षेत्र में ही रोजगार मिल सकेगा। साथ ही बिजली व्यवस्था में भी सुधार होगा।-पुलकित गर्ग, जिलाधिकारी।
