शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ललितपुर

Lalitpur News:परिषदीय विद्यालयों में 17 नवंबर से होगी अर्द्धवार्षिक परीक्षा – Half-yearly Examinations In Council Schools Will Begin On November 17

November 1, 2026


ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 17 नवंबर से दो पालियों में पांच दिन 21 नवंबर तक चलेगी। कक्षा एक की परीक्षा मौखिक कराई जाएगी। कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों की परीक्षा लिखित व मौखिक होगी। परीक्षा को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग तैयारियां पूरी करने में जुट गया है।

जिले में 1357 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब 1.36 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। जिसमें 866 प्राइमरी, 320 जूनियर और 171 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। शैक्षिक सत्र में बच्चों को कराए गए शिक्षण कार्य का मूल्यांकन परीक्षा कराके कराया जाता है। इसमें सत्रीय परीक्षा, अर्द्धवार्षिक परीक्षा और वार्षिक परीक्षाएं कराई जाती हैं। इस शैक्षिक सत्र की अर्द्धवार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम शासन ने जारी कर दिया है। परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक कक्षा एक के बच्चों की मौखिक परीक्षा कराई जाएगी। जबकि कक्षा दो में अंग्रेजी व हिंदी की लिखित और शेष विषयों की मौखिक परीक्षा होगी। कक्षा तीन से पांच के बच्चों की लिखित व मौखिक परीक्षा कराई जाएगी। वहीं कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों की परीक्षाएं लिखित में होंगी। अर्द्धवार्षिक परीक्षा कराने के लिए विभाग तैयारियों में जुट गया है। बीएसए रत्नेश कुमार ने बताया कि शासन ने परिषदीय विद्यालयों में परीक्षा कराने के लिए कार्यक्रम जारी किया है। इसके बाद परीक्षा कराने के निर्देश सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को दे दिए गए हैं।

——————

प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं विद्यालय स्तर पर रखी जाएंगी सुरक्षित

अर्द्धवार्षिक परीक्षा एवं मूल्यांकन से संबंधित अभिलेख और प्रश्नपत्र सहित उत्तर पुस्तिकाओं के रजिस्टर, वितरण और अन्य सभी आवश्यक अभिलेख विद्यालय स्तर पर ही सुरक्षित रखे जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X