किसी भी विधिक समस्या के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आएं :संजय – For Any Legal Issue, Approach The District Legal Services Authority: Sanjay
मऊ। नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में रविवार को अदालत नहीं, बल्कि न्याय और सरकारी योजनाओं की चौपाल बन गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के मेगा शिविर में 44 विभागों ने एक ही छत के नीचे अपना पिटारा खोल दिया। उस दौरान विभागों ने प्रमाण-पत्र के साथ ट्राईसाइकिल वितरित की गई।
इससे पहले शिविर का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश संजय कुमार यादव ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि घबराइए नहीं, कानून आपके साथ है।
किसी भी विधिक समस्या के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आएं। यहां गरीब से गरीब व्यक्ति को भी निःशुल्क वकील और सहायता मिलती है। इसके बाद सामाजिक कुरीतियों पर उनके नाटक ने लोगों को सोचने पर मजबूर किया, वहीं मूक-बधिर बच्चों ने संगीत पर थिरकना शुरू किया तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में जहां एक कोने में अग्निशमन विभाग आग बुझाने के गुर सिखा रहा था, तो दूसरे कोने में साइबर पुलिस बता रही थी कि कैसे एक क्लिक आपका बैंक खाता खाली कर सकता है।
जबकि वहीं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ तनाव से लड़ने के टिप्स दे रहे थे। इसीक्रम पर्दे पर पॉक्सो और मध्यस्थता पर वीडियो चल रहे थे, जिसे लोग ध्यान से देख रहे थे।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्धन, एसपी सर्वेश मिश्रा, सीडीओ ध्रुव खड़िया, बार एसोसिएशन अध्यक्ष शमशुल हसन, महामंत्री लक्ष्मीकांत यादव समेत तमाम न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। संचालन और अंत में सचिव सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने सबका आभार जताया।
