शाहजहांपुर। संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के लिए माताओं ने रविवार को अहोई अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास से मनाया। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अहोई माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और संतान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गईं थीं। महिलाओं ने पूजा स्थल की साफ-सफाई कर अहोई माता का चित्र स्थापित किया और पूजन सामग्री सजाई। शाम को शुभ मुहूर्त में महिलाओं ने अहोई माता की पूजा की और व्रत कथा का श्रवण किया। इसके बाद तारों के दर्शन कर अर्घ्य अर्पित किया और संतान की सुख-शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए व्रत का पारण किया।
श्री रुद्र बालाजी धाम के पंडित डॉ. कान्हा कृष्ण शुक्ल ने बताया कि अहोई अष्टमी का व्रत मातृत्व, वात्सल्य, त्याग और संतान के प्रति अटूट प्रेम का प्रतीक है।