शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुड़की

Roorkee News:उत्तम शुगर मिल में पेराई सत्र शुरू, किसानों को समय पर भुगतान का आश्वासन – Crushing Season Begins At Uttam Sugar Mill; Assurance Given For Timely Payments To Farmers

November 2, 2026


उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी में रविवार को पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ हो गया। मिल परिसर में हवन-पूजन और मंत्रोच्चारण के बीच मिल अधिकारियों, किसानों व जनप्रतिनिधियों ने गन्ना पेराई सत्र की शुरुआत की। इस दौरान किसानों को गन्ने की पर्याप्त आपूर्ति और समय पर भुगतान का भरोसा दिलाया गया।

रविवार को मिल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्वान पंडित आचार्य रामकुमार दीक्षित ने विधि-विधान से हवन-पूजन कराया। इसके बाद चेयरमैन प्रतिनिधि सुशील राठी ने गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी के कांटा संख्या एक पर किसान राजीव कुमार की बैलगाड़ी के बैलों का पूजन किया। प्रथम तौल के लिए फीता काटकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया।

इसी क्रम में ट्रॉली कांटे पर किसान आयोग के अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह और गन्ना राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने किसान धर्मवीर सिंह की ट्रॉली की तौल शुरू कराई। ट्रक कांटे पर गन्ना समिति इकबालपुर के चेयरमैन सुंदर सैनी ने फीता काटकर तौल कार्य का शुभारंभ किया।

इसके बाद चीनी मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल, अधिशासी निदेशक एसएल शर्मा और मुख्यालय नोएडा से पहुंचे कपिल बंसल ने मिल अधिकारियों व किसान प्रतिनिधियों के साथ चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र की शुरुआत की। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल ने किसानों को आश्वस्त किया कि मिल क्षेत्र में गन्ने की आपूर्ति सुचारु रखी जाएगी और किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान समय से किया जाएगा।

उन्होंने किसानों से अपना समस्त गन्ना उत्तम शुगर मिल को ही आपूर्ति करने की अपील की। कार्यक्रम के बाद चीनी मिल क्षेत्र के किसान भाइयों और कर्मचारियों के लिए लंगर का आयोजन भी किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक प्रणव चैंपियन, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कविंद्र सिंह, चौधरी अनुराग सिंह, विनोद कुमार, अनुराग राठी, मोहित कुमार, राजवीर सिंह, पवन सैनी, सुनील कुमार, कुलदीप कुमार, राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान और मिल कर्मचारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X