Lalitpur News:धनतेरस तक सराफा कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद – Bullion Traders Expect Good Business Leading Up To Dhanteras
ललितपुर। धनतेरस और दीपावली को लेकर सराफा बाजार में तैयारियां तेज हो गई है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कारोबारियाें ने आभूषणों के नए संग्रह बाजार में उतारे हैं। सोने की ऊंची कीमतों को लेकर हल्के वजन के गहनों पर खास जोर है। वहीं चांदी की मां लक्ष्मी की मूर्तियों, सिक्कों और पूजा की थालियों की खरीदारी शुरू कर दी है।
दीपावली का पर्व नजदीक आते ही ग्राहकों को लुभाने के लिए सराफा कारोबारी नये गहनों की बनवाई में छूट दे रहे हैं। सोने-चांदी के गहनों में राहत देने वाली योजनाओं के बीच ग्राहकों को आकर्षण उपहार दिए जा रहे हैं। ग्राहकों को 18 कैरेट, 9 और 14 कैरेट के गहने भी उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी कीमत कम होने से ग्राहक भी अपनी पसंद के आभूषण खरीद रहे हैं। सराफा कारोबारियों ने बताया कि बीते 15 दिनों के अंतराल में चांदी 1,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम एवं सोने के रेट 1,41,800 रुपये, प्रति दस ग्राम पहुंच गए हैं। वहीं उन्होंने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी के दामों में और गिरावट आएगी। जिससे कारोबार तेजी पकड़ सकता है।
बोले सराफा व्यापारी
फोटो 38
त्योहार से पहले सोने चांदी की कीमतों में आई गिरावट का असर बाजार में दिखने लगा है। सोने-चांदी के सिक्कों की मांग बढ़ने की उम्मीद है। पिछले साल धनतेरस और दीपावली पर अच्छा कारोबार हुआ था। इस बार कीमतों में गिरावट और ग्राहकों की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
– विपिन जैन, सराफा व्यापारी
फोटो 39
सोने चांदी के रेट में उतार-चढ़ाव के बीच ग्राहक हल्के वजन के आभूषण बनवा रहे हैं। डेढ़ लाख रुपये तक की खरीद पर ग्राहकों को एक सोने का सिक्का फ्री दिया जा रहा है। अभी तक दस प्रतिशत ग्राहकों ने एडवांस बुकिंग कराई है। धनतेरस तक कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।
शुभम् जड़िया, सराफा व्यापारी
फोटो 41
इस दीपावली पर चांदी व सोने के रेट कुछ कम हुए हैं। जिसको देखकर ग्राहक लाइटवेट के आभूषण बनवा रहे हैं और चांदी के सिक्कों की एडवांस बुकिंग आ रहीं हैं। मुझे उम्मीद है कि दीपावली आते-आते कारोबार उछाल मारेगा। पिछले साल की अपेक्षा अच्छा कारोबार होगा।
सम्यक सराफ, सराफा व्यापारी
