Amroha News:तिगरी गंगा मेले में बनेगा किसान चौक – ‘kisan Chowk’ (farmers’ Square) To Be Set Up At The Tigri Ganga Mela
गजरौला। इस बार तिगरी गंगा मेले में किसान चौक बनाया जाएगा। इसमें किसान श्रद्धालुओं के ही शिविर लगाए जाएंगे। उनको शिविर लगाने केे लिए भूमि तलाश करने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर लग रहा तिगरी गंगा मेला किसानों का मेला है। इसमें कई जिलों के किसान श्रद्धालु तंबू बनाकर गंगा की रेती पर रहते हैं। मगर किसान श्रद्धालुओं की हमेशा एक शिकायत रहती है। वह कहते हैं कि मेला में अच्छे और उपयुक्त स्थान पर पुलिस-प्रशासन और वीआईपी के शिविर लगाए जाते हैं। किसानों को ऐसे स्थानों पर शिविर लगाने को मजबूर किया जाता है, जहां पर कोई सुविधा नहीं होती। खेतों की जुताई भी श्रद्धालुओं को ही करानी पड़ती हैै। किसान संगठनों से जुड़े लोगों ने भी डीएम से मिलकर यह मांग उठाई कि किसानों के मेले को वीआईपी मेला न बनाया जाए। इस कारण जिला प्रशासन ने निर्णय लिया है कि इस बार गंगा मेले में किसान चौक बनाया जाएगा। उस परिसर में किसान श्रद्धालुओं के ही शिविर लगाए जाएंगे। एसडीएम मंडी धनौरा शैलेष दुबे नेे बताया कि तिगरी गंगा मेले में किसान चौक पहली बार बनाया जाएगा। मेले में आने वाले किसान श्रद्धालुओं को भूमि तलाश करने में दिक्कत नहीं आएगी।
