Mainpuri News:घर के पास तालाब में मिला मासूम का शव – Body Of An Innocent Child Found In A Pond Near The House
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के महमूद नगर में शुक्रवार दोपहर से लापता एक सात वर्षीय मूक-बधिर बच्चे का शव घर के पास एक तालाब में मिला। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से शव को बाहर निकलवाने के बाद पोस्टमार्टम कराया।
महमूद नगर निवासी साबिर अली का सात वर्षीय बेटा आदिल शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे लापता हो गया था। परिजन ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद शनिवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। रविवार सुबह करीब 9 बजे कुछ लोगों ने घर के पास स्थित तालाब में आदिल के शव को उतराते देखा और परिजन को सूचना दी। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पिता साबिर अली ने बताया कि उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें आदिल सबसे छोटा था और वह बोल व सुन नहीं सकता था।
मां के पीछे बिना बताए चला गया था
आदिल की मां ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बकरी चराने गई थी। आदिल भी पीछे से आ गया था। उनको इसकी जानकारी नहीं हो पाई। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार उन्होंने बच्चे को तालाब के पास खेलते हुए देखा था। तालाब में एक बॉल को देखकर बच्चा उसको लेने के लिए गया, इसी दौरान डूब गया।
बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। शनिवार को कोतवाली में बच्चे के लापता होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस मामले में जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। अशोक कुमार, सीओ सिटी
