Almora News:यात्रियों की बढ़ी भीड़, बस में सीट के लिए मची मारामारी – Surge In Passenger Numbers Leads To A Scramble For Seats On The Bus
अल्मोड़ा। दीपावली का उल्लास संपन्न होने के बाद अब पर्वतीय अंचलों से लोगों की वापसी का सिलसिला तेजी से शुरू हो गया है। अपने पैतृक गांवों में त्योहार मनाकर महानगरों और कार्यस्थलों की ओर लौटने वाले यात्रियों के कारण बस स्टेशनों पर भारी गहमागहमी रही। रविवार सुबह जैसे ही बसें आती उस पर सीट कब्जाने के लिए यात्रियों में आपाधापी की स्थिति बनी रही। भीड़ के चलते उत्तराखंड परिवहन निगम ने देहरादून रूट पर शाम को एक अतिरिक्त बस संचालित की, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिली।
दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, पंजाब, यूपी और छत्तीसगढ़ समेत देश के विभिन्न राज्यों में रहकर आजीविका कमाने वाले जिले के लोग इस बार दिवाली मनाने बड़ी संख्या में अपने घर आए थे। त्योहार खत्म होते ही अब सभी अपनी नौकरियों और काम-धंधों पर लौटने लगे हैं।
रविवार सुबह से ही हल्द्वानी, पिथौरागढ़, बागेश्वर आदि जिलों व स्थानीय रूटों पर यात्रा करने वाले लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके चलते सभी बसें सवारियों से पूरी तरह खचाखच भरी नजर आईं। स्टेशनों पर भीड़ इतनी अधिक थी कि जैसे ही कोई बस पहुंचती, यात्री पहले सीट पाने के झपट पड़ते। सामान के साथ सफर कर रहे परिवारों और बुजुर्गों को बस में जगह बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एक ओर जहां मुख्य रूटों पर यात्रियों की भारी भीड़ थी, वहीं दूसरी तरफ सप्ताहांत (रविवार) होने के कारण भनोली, बाराकोट, चौखुटिया, स्याल्दे और सल्ट आदि ग्रामीण इलाकों के रूटों पर वाहनों की आवाजाही बेहद सीमित रही। इन ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय या नजदीकी कस्बों तक आने वाले यात्रियों को काफी देर तक गाड़ियों का इंतजार करना पड़ा, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
देहरादून रूट पर यात्रियों की भीड़ अधिक रही। जिस कारण उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) को देहरादून रूट पर शाम को एक अतिरिक्त बस संचालित करनी पड़ी। इससे यात्रियों को राहत मिली।
कोट –
देहरादून रूट पर सवारियों की भीड़ को देखते हुए शाम को एक अतिरिक्त बस का संचालन किया गया है। आगामी दिनों में भी भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर अन्य प्रमुख रूटों पर भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। – धर्मानंद जोशी, एजीएम, रोडवेज डिपो अल्मोड़ा
