रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ambala News:पिछले साल की तुलना में 41 हजार मीट्रिक टन कम रही धान की आवक – Paddy Arrivals Were 41,000 Metric Tonnes Lower Compared To The Previous Year
अंबाला

Ambala News:पिछले साल की तुलना में 41 हजार मीट्रिक टन कम रही धान की आवक – Paddy Arrivals Were 41,000 Metric Tonnes Lower Compared To The Previous Year

November 15, 2026


अंबाला। धान खरीद सीजन अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिले की मंडियों में इस बार पिछले साल के मुकाबले धान की आवक में करीब 41 हजार मीट्रिक टन की कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद प्रशासनिक सख्ती और सरकारी खरीद एजेंसियों की सक्रियता से उठान की रफ्तार तेज बनी हुई है।

13 नवंबर तक जिले में कुल 5,25,358.14 मीट्रिक टन धान मंडियों में पहुंच चुका है, जबकि इसमें से 96.10 प्रतिशत धान का उठान भी किया जा चुका है। जिला कृषि उपनिदेशक वजीर सिंह के अनुसार, धान की आवक कम होने के दो कारण हो सकते हैं। इस बार 2.20 लाख एकड़ में जिला में धान बोया गया था, जबकि पिछली बार 2.39 लाख एकड़ धान का रकबा था। ऐसे में इस बार करीब 19 हजार एकड़ रकबा कम रहा। इसके अलावा, पहले बाहरी राज्यों से धान लाकर मंडियों में अवैध रूप से बेचने के मामले सामने आते थे, लेकिन इस बार प्रशासन की सख्ती के चलते इस पर अंकुश लगा है। उन्होंने बताया कि धान की पैदावार इस बार अच्छी हुई है।

——————–

धान की आवक और खरीद

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले वर्ष जिले में धान की कुल आवक 5,67,123.06 मीट्रिक टन दर्ज की गई थी, जबकि कुल खरीद 5,67,097.80 मीट्रिक टन रही थी। इस वर्ष 13 नवंबर तक मंडियों में 5,25,358.14 मीट्रिक टन धान पहुंचा है और सरकारी एजेंसियों की ओर से 5,17,304 मीट्रिक टन की खरीद की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार धान की आवक में 41,764.92 मीट्रिक टन की कमी आई है।

————–

मंडियों में तेजी से हुआ उठान

जिले की मंडियों में खरीद के साथ-साथ उठान प्रक्रिया भी तेजी से जारी है। अब तक सरकारी एजेंसियों की ओर से खरीदे गए 5,17,304 मीट्रिक टन धान में से 4,97,139 मीट्रिक टन का उठान किया जा चुका है। इससे जिले में कुल उठान का प्रतिशत 96.10 तक पहुंच गया है। खाद्य विभाग ने अब तक 3,55,171 मीट्रिक टन धान की खरीद की है, जिसमें से 3,40,207 मीट्रिक टन यानी 95.79 प्रतिशत धान का उठान पूरा हो चुका है। वहीं, हेफेड ने 1,62,133 मीट्रिक टन धान खरीदा है, जिसमें से 1,56,932 मीट्रिक टन यानी 96.79 प्रतिशत धान का उठान किया जा चुका है। इस पूरे सीजन में जिले के कुल 1,00,314 किसानों को अपनी फसल बेचने का लाभ मिला है।

——————–

जिला की प्रमुख मंडियों की स्थिति

अंबाला सिटी : जिले की सबसे बड़ी मंडियों में शुमार अंबाला सिटी में 116,000 मीट्रिक टन कुल आवक दर्ज की गई है, जहां 114,878 मीट्रिक टन खरीद के बाद 108,992 मीट्रिक टन (94.88 प्रतिशत) धान उठाया जा चुका है।

अंबाला कैंट : कैंट की मंडी में 39,890.28 मीट्रिक टन आवक के मुकाबले 39,504 मीट्रिक टन खरीद हुई और 99.36 प्रतिशत (39,251 मीट्रिक टन) का उत्कृष्ट उठान दर्ज किया गया है।

नारायणगढ़ : नारायणगढ़ में 58,722.96 मीट्रिक टन आवक के साथ 57,258 मीट्रिक टन खरीद हुई और 98.53 प्रतिशत (56,415 मीट्रिक टन) धान उठाया गया है।

साहा : साहा मंडी में 52,901.23 मीट्रिक टन आवक दर्ज हुई, जहां 52,109 मीट्रिक टन खरीद और 96.36 प्रतिशत (50,211 मीट्रिक टन) उठान हुआ है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X